Friday, March 13, 2026

सीएम हेमंत सोरेन ने कई जिलों में थाना भवनों का शिलान्यास किया.

Share

रांची: स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस को बड़ी सौगात दी है. झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 12 अत्याधुनिक नए थाना भवनों का ऑनलाइन शिलान्यास किया और 636 पेट्रोलिंग वाहनों तथा 849 दोपहिया वाहनों को थानों को सौंपा.

नए थानों का शिलान्यास और वाहनों का वितरण

राज्य सरकार ने कुल 1255 पेट्रोलिंग वाहनों और 1697 दोपहिया वाहनों को स्वीकृति प्रदान की है. इनमें से पहले चरण में 636 पेट्रोलिंग वाहन (मुख्यतः बोलेरो) और 849 दोपहिया वाहन वितरित किए गए हैं. नए थाना भवनों का शिलान्यास रांची, हजारीबाग, बोकारो, देवघर, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, पलामू, गुमला, चतरा और दुमका जिलों में किया गया है. इन पर राज्य सरकार करीब 19 करोड़ रुपये खर्च करेगी.

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने इस दिन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नए थाना भवनों में एक ही परिसर में कई थाने और आवासीय कक्ष होंगे, जिससे पुलिसिंग अधिक प्रभावी होगी.

CM Hemant Soren

स्पीकर और सीएम के बयान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने उम्मीद जताई कि नई गाड़ियों से पुलिस को अपराधियों पर लगाम लगाने में आसानी होगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वाहन सौंपते हुए कहा कि पुलिस के साथ-साथ आम जनता को भी जिम्मेदारी समझनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अपराध के स्वरूप में बदलाव आया है, जिससे पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ गई है. उन्होंने धुर्वा में हाल ही में गुम हुए बच्चे की तलाश में पुलिस की सराहनीय भूमिका का जिक्र किया. सीएम ने अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को संसाधनयुक्त बनाने की घोषणा की और कहा कि यह पहला चरण है, जल्द ही दूसरे चरण में भी वाहन मुहैया कराए जाएंगे.

CM Hemant Soren

इस अवसर पर गृह एवं कारा विभाग में नवचयनित 9 वैज्ञानिक सहायकों को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र सौंपे. कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री संजय प्रसाद यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे.

Read more

Local News