Tuesday, January 27, 2026

सीएम हेमंत सोरेन ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के कई कॉलेजों का भ्रमण किया.

Share

यूनाइटेड किंगडम दौरे के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित सेंट जॉन्स कॉलेज और सोमरविल कॉलेज का भ्रमण कर झारखंड की ऐतिहासिक, बौद्धिक और नीतिगत विरासत को वैश्विक शैक्षणिक मंच से जोड़ा. इस दौरे को विरासत संरक्षण, अकादमिक सहयोग, छात्रवृत्ति और सतत विकास जैसे विषयों पर झारखंड और ऑक्सफोर्ड के बीच दीर्घकालिक साझेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है.

सेंट जॉन्स कॉलेज में मुख्यमंत्री का स्वागत कॉलेज की अध्यक्ष प्रोफेसर लेडी सू ब्लैक, बैरोनेस ब्लैक ऑफ स्ट्रोम ने किया. इस अवसर पर आयोजित हाई-टी स्वागत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने महान आदिवासी नेता, संविधान निर्माता और झारखंड आंदोलन के वैचारिक स्तंभ मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा से जुड़े दुर्लभ अभिलेखों का अवलोकन किया. जयपाल सिंह मुंडा सेंट जॉन्स कॉलेज के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र रहे हैं.

कॉलेज द्वारा प्रदर्शित ऐतिहासिक दस्तावेजों, दुर्लभ फोटोग्राफ, व्यक्तिगत पत्रों, नोटबुक्स तथा ऑक्सफोर्ड हॉकी टीम और डिबेटिंग सोसाइटी से जुड़े अभिलेखों ने उनके छात्र जीवन, नेतृत्व क्षमता और खेल उपलब्धियों को रेखांकित किया. कॉलेज रिकॉर्ड के अनुसार, जयपाल सिंह मुंडा डिबेटिंग सोसाइटी के सचिव एवं अध्यक्ष रहे तथा हॉकी में ‘हॉकी ब्लू’ सम्मान प्राप्त किया. बाद में उन्होंने 1928 ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी भी की.

मुख्यमंत्री ने जयपाल सिंह मुंडा की विरासत के संरक्षण के लिए सेंट जॉन्स कॉलेज के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास झारखंड की ऐतिहासिक और बौद्धिक धरोहर को वैश्विक अकादमिक केंद्रों से जीवंत रूप में जोड़ते हैं. उन्होंने जयपाल सिंह मुंडा को झारखंड राज्य निर्माण की वैचारिक नींव रखने वाला नेता बताते हुए कहा कि उनकी विचारधारा और संघर्ष की परंपरा को दशकों तक जनआंदोलनों के माध्यम से आगे बढ़ाया गया, जिसमें दिशोम गुरु शिबू सोरेन की निर्णायक भूमिका रही.इसके बाद मुख्यमंत्री ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सोमरविल कॉलेज का दौरा किया, जहां कॉलेज की प्रिंसिपल कैथरीन रॉयल ने उनका स्वागत किया. स्वागत समारोह में आदिवासी कल्याण, सतत विकास, जलवायु कार्रवाई, न्यायसंगत परिवर्तन और उच्च शिक्षा तक समान पहुंच के क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना की गई.

संवाद के दौरान ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट की रिसर्च डायरेक्टर एवं स्मिथ स्कूल ऑफ एंटरप्राइज एंड द एनवायरनमेंट की एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. राधिका खोसला सहित शोध समुदाय के प्रतिनिधियों ने पर्यावरण नीति, क्लाइमेट एक्शन और सतत विकास के क्षेत्रों में झारखंड सरकार के साथ गहन सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की

कॉलेज परिसर में छात्रों, शोधार्थियों और भारतीय विद्वानों के साथ अनौपचारिक संवाद के दौरान झारखंड सरकार के साथ अधिक सक्रिय सहभागिता, नीति-आधारित कार्यशालाओं और शासन अनुभवों के आदान-प्रदान में गहरी रुचि व्यक्त की गई. वर्ष 1879 में स्थापित सोमरविल कॉलेज को वैश्विक शिक्षा का अग्रणी संस्थान माना जाता है. यह महिलाओं को उच्च शिक्षा में प्रवेश देने वाले प्रारंभिक कॉलेजों में से एक रहा है. कॉलेज के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों में मार्गरेट थैचर, इंदिरा गांधी और कॉर्नेलिया सोराबजी जैसे नाम शामिल हैं.

Read more

Local News