बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी, जिन्होंने इसी साल 15 जुलाई को एक बेटी के रूप में अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था, ने आखिरकार अपनी बेटी की पहली झलक दिखाकर उसके नाम का एलान कर दिया है. इस जोड़े ने आज 28 नवंबर (शुक्रवार) को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए इसका एलान किया है.
इस पोस्ट में कियारा और सिद्धार्थ अपनी बेटी के नन्हे पैरों को सफेद बुने हुए मोजों में लिपटे हुए प्यार से पकड़े हुए हैं. तस्वीर को साझा करते हुए कपल ने कैप्शन में लिखा, ‘हमारी प्रार्थनाओं से लेकर हमारी बाहों तक, हमारे दिव्य आशीर्वाद तक, हमारी राजकुमारी, सरायाह मल्होत्रा’.
हालांकि इस जोड़े ने यह नहीं बताया कि उन्होंने यह नाम कैसे चुना. पर सर्च करने से पता चलता है कि इस नाम का संबंध अरबी और हिब्रू दोनों भाषाओं से हैं. अरबी में, सरायाह का अर्थ ‘राजकुमारी’, ‘कुलीन कन्या’, ‘महल’ या ‘कुलीन निवास’ भी हो सकता है. कुछ स्रोत इस नाम काम अर्थ ‘रात के बादलों’ भी बता रहे हैं. हिब्रू में, यह नाम ‘सारा से जुड़ा है, जिसका अर्थ ‘राजकुमारी’ होता है और ‘याह’ के साथ, इसका अर्थ ‘ईश्वर की राजकुमारी’ या ‘ईश्वर राजकुमार है’ हो सकता है. एक और हिब्रू लिंक इसका अर्थ ‘उन्नत होना’ बताता है.
इससे पहले, अपनी बेटी के होने पर कपल ने लिखा था, ‘हमारा दिल भर आया है और हमारी दुनिया हमेशा के लिए बदल गई है, हमें एक बच्ची का आशीर्वाद मिला है, कियारा और सिद्धार्थ’.
2023 में जैसलमेर में शादी के बंधन में बंधने वाले कियारा और सिद्धार्थ को नाम के खुलासे के बाद फैंस और को-स्टार का ढेर सारा प्यार मिल रहा है. शिल्पा शेट्टी कुंद्रा ने कमेंट किया, ‘खूबसूरत’. वरुण धवन और अथिया शेट्टी ने लाल दिल वाले इमोजी के साथ कमेंट किया. एक फैन ने लिखा, खूबसूरत नाम, आखिरकार प्यारी सी बच्ची सरायाह’.
वर्कफ्रंट की बात करें तो, कियारा पिछली बार ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर के साथ वॉर 2 में नजर आई थीं और उनकी अपकमिंग फिल्म में वह रणवीर सिंह के साथ डॉन 3 में दिखाई देंगी. सिद्धार्थ, जिन्होंने हाल ही में परम सुंदरी में अभिनय किया था, अब तमन्ना भाटिया के साथ एक हॉरर फिल्म की तैयारी कर रहे हैं.


