Friday, March 27, 2026

साहिबगंज के चैती दुर्गा के पास का अंडरपास खोलने की प्रशासन ने अनुमति दे दी है.

Share

साहिबगंज : शहर में अक्सर लगने वाली जाम की समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन और रेलवे ने पहल की है. जल्द ही चैती दुर्गा के पास का अंडरपास खोल दिया जाएगा. छोटे वाहनों का इस मार्ग से परिचालन हो सकेगा. पूर्व में यह मार्ग चालू था जिसे बाद में बंद कर दिया गया था.

रेलवे क्रासिंग पर अक्सर लगने वाले जाम तथा रेलवे से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में बैठक हुई. जिसमें डीआरएम मनीष गुप्ता, एसपी अमित कुमार सिंह, झामुमो के केंद्रीय कमेटी सदस्य पंकज मिश्रा आदि शामिल हुए. इस दौरान पूर्वी व पश्चिमी फाटक पर आरओबी के निर्माण में आने वाली बाधाओं को दूर करने तथा कुछ नई ट्रेनों के परिचालन पर भी चर्चा हुई.

आरओबी के संबंध में पूछे जाने पर डीआरएम ने बताया कि रेलवे की ओर से इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जैसे ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया यहां के स्थानीय प्रशासन के द्वारा पूरी की जाएगी, रेलवे ओवर ब्रिज के टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर देगी. रेलवे स्कूल का भी डीआरएम ने जायजा लिया. उन्होंने बताया कि आगामी सेशन से लड़कियों का एडमिशन होगा. यह पूरी तरह से सीबीएससी बोर्ड हो चुका है.

साहिबगंज जिले से संबंधित मुद्दों पर मालदा मंडल रेल प्रबंधक से विस्तार से चर्चा हुई. वार्ता काफी सकारात्मक रही. एक-दो माह में इसका परिणाम दिखेगा. कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां जोड़ी जाएगी तो कुछ नए रूट पर ट्रेनों का परिचालन होगा, ऐसा आश्वासन डीआरएम ने दिया है. दोनों रेलवे क्रासिंग पर जल्द ही ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होगा.

Read more

Local News