Thursday, March 26, 2026

 सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ का डॉग शहीद…

Share

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान शनिवार को आईईडी ब्लास्ट हुआ. इस घटना में सीआरपीएफ का स्वान (डॉग) शहीद हो गया, जबकि उसका हैंडलर जवान घायल हो गया. ये घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र के जंगल इलाके की है.

सुरक्षा बलों की एक टुकड़ी जंगल में कॉम्बिंग ऑपरेशन कर रही थी, जब आईईडी (Improvised Explosive Device) विस्फोट हुआ. ब्लास्ट की चपेट में आने से डॉग की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं घायल जवान को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया.

पश्चिमी सिंहभूम पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने इस घटना की पुष्टि की है. एसपी ने कहा कि कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट की आवाज सुनी गई है. अब तक ऐसी कोई सूचना नहीं है कि हमारे जवानों को गहरी चोट आई हो, सभी जवान सुरक्षित हैं. विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

आईईडी ब्लास की घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर भेजा गया है ताकि विस्फोटक के प्रकार और सक्रियता के तरीके की जांच की जा सके. यह विस्फोट नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए प्रेशर बम के जरिए हुआ हो सकता है.

स्थानीय और सुरक्षा बलों ने ब्लास्ट के बाद इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है ताकि आसपास कोई अन्य आईईडी न हो. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, नक्सली अक्सर ऐसे क्षेत्रों में ब्लास्ट कर सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हैं.

वहीं सारंडा जंगल में तैनात एक सीआरपीएफ जवान की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई. मनोहरपुर प्रखंड के छोटानागरा स्थित 193/F बटालियन कैंप में तैनात हेड कांस्टेबल राजेश कुमार (उम्र 52 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई.

जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान राजेश कुमार अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े. साथियों ने तुरंत उन्हें मनोहरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है, हालांकि असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी.

Read more

Local News