Saturday, March 28, 2026

साइबर क्राइम के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक साइबर अपराधी को धर दबोचा है.

Share

रांचीः क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी करने वाले एक साइबर अपराधी को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया है. साइबर अपराधी की गिरफ्तरी देवघर जिले से हुई है. इसकी पुष्टि डीआईजी सह रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने की है.

उन्होंने बताया कि 24 घंटे के अंदर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार करना बड़ी कामयाबी है. साइबर थाना की टेक्निकल टीम के सहयोग से न सिर्फ अपराधी को गिरफ्तार किया गया, बल्कि उसके द्वारा ठगी के पैसे से खरीदे गए सभी सामान भी जब्त कर लिए गए हैं.

क्रेडिट कार्ड से उड़ाए थे एक लाख से अधिक रुपये

डीआईजी सह एसएसपी ने बताया कि 28 अप्रैल को रांची के साइबर थाने में सूरज नाम के एक व्यक्ति ने आवेदन देकर बताया कि आरबीएल क्रेडिट कार्ड का चार्ज कटने के नाम पर एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर लिंक और एपीके फाइल भेजकर उनके क्रेडिट कार्ड से कुल 1,08,479 रुपये की अवैध निकासी कर एक कमर्शियल वेबसाइट से कई कीमती सामान ऑर्डर किया है.

आवेदन मिलने के बाद साइबर अपराध थाना में आईटी एक्ट के अंतर्गत कांड दर्ज किया गया. मामले की जानकारी डीआईजी सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा को भी दी गई. जिसके बाद एसएसपी के निर्देशानुसार एसआईटी गठित की गई.

ठगी के पैसे से खरीदा एसी, फ्रीज और मोबाइल

अनुसंधान के क्रम में साइबर अपराध थाना रांची से प्राप्त तकनीकी डेटा के आधार मालूम हुआ कि पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगी की गई राशि का उपयोग कर 1.5 टन का एसी, 246 लीटर का फ्रीज और मोबाइल फोन आर्डर किया गया है. सामान की डिलीवर करने के लिए जो एड्रेस दिया गया था, जब उसकी जांच की गई तो वह झारखंड के देवघर जिले का निकला. जिसके बाद पुलिस की टीम देवघर पहुंच गई और वहां जैसे ही डिलीवरी का सभी सामान पहुंचा मौके से रंगेहाथ साइबर अपराधी अजय को गिरफ्तार कर लिया.

क्रेडिट कार्ड से खरीदे गए सभी सामान जब्त

मौके से साइबर ठगी के पैसे से एमेजॉन के माध्यम से आर्डर किए गए पार्सल एसी और फ्रीज को बरामद कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह एपीके फाइल भेजकर साइबर ठगी करता था. इस काम में उसके कुछ सहयोगी भी शामिल हैं. ठगी की गई राशि से ऑनलाइन सामान ऑर्डर कर मंगा लेता था. कभी-कभी ठगी के पैसे को अन्य साइबर अपराधियों के बैंक खाते में प्राप्त कर कैश के रूप में ले लेता था.

Read more

Local News