Thursday, March 19, 2026

सरायकेला में खून से लथपथ शव बरामद हुआ , हत्या की आशंका है.

Share

सरायकेला: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के धीरजगंज, सतबहिनी स्थित एक किराए के कमरे से पुलिस ने खून से लथपथ 29 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बरामद किया है. व्यक्ति की हत्या की आशंका जताई गई है. पुलिस ने शनिवार को घर का ताला तोड़कर शव बरामद किया.

मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के उधनाबाद निवासी राजेश कुमार महथा के रूप में हुई है, जो पिछले सोमवार को सतबहिनी हरि मंदिर के सामने गौरांग चंद्र मुखी के किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहने आया था

स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार को मृतक का अपनी पत्नी के साथ विवाद और मारपीट हुई, जिसकी जानकारी मकान मालिक को भी हो गई. मारपीट के बाद मृतक की पत्नी ने मकान मालिक से मारपीट कर घायल करने की शिकायत की. इसके बाद अगली सुबह कमरे में ताला लगा दिया गया. चार दिन बाद शनिवार को बंद कमरे से तेज बदबू आने लगी. इसके बाद लोगों ने स्थानीय जनप्रतिनिधि पूर्व पार्षद अभिजीत महतो को इसकी सूचना दी.

अभिजीत महतो ने मामले की जानकारी आदित्यपुर थाना पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बंद कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो पूरा कमरा खून से सना हुआ था और मृतक खून से लथपथ पड़ा था. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गिरिडीह में रहने वाले परिजनों से संपर्क कर हत्या की जानकारी मृतक के परिजनों तक पहुंचा दी है.

थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि मकान मालिक ने उन्हें सूचना दी थी, जिसके बाद वे यहां पहुंचे. कमरे का ताला तोड़ने पर खून से लथपथ शव मिला. प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि व्यक्ति की हत्या की गई है.

दुगनी के डीडी स्टील में कार्यरत था राजेश

मृतक राजेश कुमार महथा सरायकेला के दुगनी स्थित डीडी स्टील में कार्यरत था और पिछले सोमवार को ही वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सतबहिनी में किराए के मकान में रहने आया था.

Read more

Local News