जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक सरयू राय अपने विधानसभा क्षेत्र में दो करोड़ से ज्यादा की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. मौके पर उन्होंने कहा कि आगामी दिनों मे निकाय चुनाव होना है. जनता काम करने वाले लोगों को वोट दें, क्योंकि ये घर का चुनाव है.
इस दौरान सरयू राय ने मानगो नगर निगम और अक्षेस क्षेत्र अंतर्गत विधायक निधि से बनने वाली इन योजनाओं को जल्द पूरा करने की बात कही और कहा कि काम की गुणवत्ता में कोई कोताहि ना हो इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी. उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि सरकार से जो विकास कार्य के लिए राशि प्राप्त होती है, उस राशि का बेहतर उपयोग जनता के हित में हो
विधायक और सांसद निधि से छिटपुट सड़क और नाली का निर्माण से बहुत अधिक लाभदायक नतीजा नहीं निकल पाता है. मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अक्षेस एक बार सर्वे कर ले कि बस्तियों का जीवन स्तर सुधारने के लिए कितना कार्य करने की जरूरत है. इसके अनुसार विकास की योजनाएं तैयार की जाए और सरकार से राशि की मांग की जाए.
वहीं, मानगो नगर निगम में आगामी दिनों होने वाले निकाय चुनाव पर कहा कि यह कोई विधायक या सांसद का चुनाव नहीं है. यह घर को सजाने का चुनाव है. इसलिए जनता वैसे लोगों को वोट दें, जो काम करने वाले हैं. आपको बता दें कि जमशेदपुर पश्चिम के पूर्व विधायक बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी सुधा गुप्ता को मेयर पद के लिए चुनाव लड़ने की बात कही है.
इस पर सरयू राय ने बातों के जरिए पूर्व विधायक सह स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि जो एमजीएम को कबाड़ खाना बना दिया है. अब कमाई का रास्ता बंद है तो नगर निगम से कमाई का रास्ता खुल जाए, इस नियत से अगर कोई आएगा तो मैं जनता से कहूंगा कि वैसे लोगों को वोट ना दे. सरयू राय ने बताया कि मानगो न्यू पुरुलिया रोड में मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च एक ही तरफ है, जो शांति सद्भावना का प्रतीक है. इसलिए इस रोड का नाम सद्भावना पथ हो. इसके लिए उन्होंने नगर निगम और उपायुक्त को पत्र भी लिखा है.


