सप्ताह के पहले दिन सोमवार 13 अप्रैल 2026 को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) के मुताबिक आज चांदी का वायदा भाव शुक्रवार के दाम से लुढ़ककर 2.37 लाख पर आ गया है. अगर हिसाब लगाया जाए तो यह करीब 6 हजार रुपये से ज्यादा सस्ती हुई है.
लेटेस्ट रेट की बात करें तो 1 किग्रा. चांदी अपने उच्चतम दाम से करीब 2.02 लाख रुपये सस्ती हुई है. वहीं, सोने के दामों में भी गिरावट आई है. आज सोने के रेट 1100 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा गिरे हैं. अमेरिका के होर्मुज स्ट्रेट पर ब्लॉक की घोषणा के बाद कीमती धातुओं में 2 परसेंट तक की गिरावट देखी गई है.
चांदी की कीमतों पर डालते हैं एक नजर
चांदी की कीमतों की बात करें तो पिछले कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर इस धातु के दाम 2,43,274 पर बंद हुए थे. वहीं, आज शेयर बाजार खुलते ही चांदी के दाम गिरकर 2,37,190 पर आ गए. इस लिहाज से चांदी 6 हजार रुपये प्रति किलो से ज्यादा सस्ती हुई है. अगर इस साल जनवरी 2026 में इस धातु की कीमतों पर नजर डालें तो यह 4 लाख के लेवल को पार कर 4,39,337 पर पहुंच गई थीं. आज यह लगभग आधी कीमत 2,02,147 पर आ गई है.
अब बात पीली धातु के दामों की
सोने के दाम भी लगातार गिरते जा रहे हैं. कभी-कभार इसके दामों में तेजी आई, लेकिन अब कीमतें कम हो रही हैं. पिछले कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन यानी शुक्रवार को सोने के दाम 1,52,652 प्रति 10 ग्राम पर क्लोज हुए थे. वहीं, आज मार्केट खुलते ही यह 1,51,457 पर आ गया. ऐसे में यह कीमती धातु 1,195 रुपये सस्ती हुई है. इसके हाई लेवल की बात करें तो यह 2,02,984 तक पहुंच गया था. अब ये भरभराकर टूट रही है. लेटेस्ट रेट्स से तुलना की जाए तो 10 ग्राम 24 कैरेट सोने के दाम करीब 51,527 रुपये सस्ते हुए हैं.
यह है वजह
जब कोई परेशानी आती है तो लोग जमकर सोने और चांदी में निवेश करने लगते हैं. इस वजह से इन धातुओं के दाम आसमान पर पहुंच जाते हैं. अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच हुए युद्ध के चलते इन दोनों धातुओं के दाम बढ़ने लगे थे, लेकिन अब धीरे-धीरे कम होने शुरू हो गए हैं.


