मुंबई: बजट पेश होने के दूसरे दिन सोमवार को शेयर बाजार की कारोबारी शुरुआत निगेटिव रही. प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी-50 रेड निशान पर कारोबार करते हुए खुले. 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स इंडेक्स 167.26 अंक (0.21 फीसदी) की गिरावट के साथ 80,555.68 पर ओपन हुआ. वहीं, एनएसई निफ्टी-50 28.95 अंक (0.12 फीसदी) लुढ़ककर करीब 24,796.50 के स्तर पर जाकर खुला. हालांकि शुरुआती कारोबार में ही दोनों में तेजी दिखाई दी और यह लाल रंग से हरे निशान पर ट्रेड करने लगा.
सुबह 9 बजकर 35 मिनट तक सेंसेक्स 238 अंकों की तेजी के साथ 80,961 अंकों पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी-50 करीब 63 अंकों बढ़कर 24,888 के लेवल पर ट्रेड कर रही थी. बीएसई के टॉप गेनर की बात करें तो इसमें अडाणी पोर्ट, एटरनल, पॉवरग्रिड और रिलांयस शामिल रहे. इसके साथ-साथ बीएसई के टॉप लूजर शेयरों की लिस्ट में ट्रेंट, टाइटन, आईटीसी और एनटीपीसी में शामिल रहे.
इससे पहले रविवार को खुले शेयर बाजार में बजट पेश होने के बाद जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. दोनों ही बेंचमार्क लाल रंग के निशान पर कारोबार करते हुए बंद हुए. सेंसेक्स 1546.84 (1.88 फीसदी) की गिरावट के साथ 80,722.94 अंक पर बंद हुआ. एनएसई निफ्टी-50 की बात करें तो 495.20 (1.96 फीसदी) गिरकर 24,825.45 के स्तर पर कारोबार करके बंद हुई. बता दें, रविवार को पेश हुए बजट के बाद शेयर मार्केट की हालत बिल्कुल बदल गई. इस बजट को शेयर मार्केट ने बिल्कुल भी पसंद नहीं किया.


