टीम इंडिया का एक ऐसा खिलाड़ी जिसने टी20 वर्ल्ड कप में बतौर ओपनर अपनी पोजीशन खो दी और उसकी जगह ईशान किशन से ओपनिंग कराई गई. उससे पहले उस खिलाड़ी को शुभमन गिल की वजह से अपनी अपनी बल्लेबाजी पोजीशन छोड़नी पड़ी थी. लेकिन रविवार 1 मार्च को वही खिलाड़ी भारत को सबसे जरूरी मैच में सबसे बड़ी पारी खेलकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया.
उस खिलाड़ी का नाम संजू सैमसन है. जिसने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत को टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपने सबसे बड़े सफल रन चेज तक पहुंचाया. वेस्टइंडीज के खिलाफ एक जरूरी मैच में सैमसन ने सिर्फ 50 गेंदों पर 97 रन की शानदार मैच जिताऊ पारी खेली. 196 रन के टारगेट का पीछा करते हुए, भारत ने 19.2 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया
सैमसन की पारी में 12 चौके और चार छक्के शामिल थे. इस पारी की सबसे खास बात ये थी कि इतने बड़े मैच में सैमसन शांत दिखे और शुरुआत में अभिषेक और किशन के दो बड़े विकेट गिरने के बाद भी सैमसन ने अपनी पेशानी पर बल नहीं आने दिया. बल्कि उन्होंने वो काम किया जो इससे पहले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली किया करते थे.
यह वह पल है जिसका मैं इंतजार कर रहा था
अपनी शानदार पारी के बाद सैमसन ने अपने क्रिकेट करियर की मुश्किलों के बारे में बताते हुए इमोशनल भी दिखे. सैमसन ने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिलने के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में कहा, ‘यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है. जिस दिन से मैंने खेलना शुरू किया, मैंने अपने देश को रिप्रेजेंट करने का सपना देखा था. यह वह पल है जिसका मैं इंतजार कर रहा था. मैं बहुत शुक्रगुजार हूं. मेरा सफर बहुत खास रहा है, जिसमें बहुत उतार-चढ़ाव आए. कई बार मुझे खुद पर शक हुआ और मैं खुद से पूछता रहा, ‘क्या मैं यह कर पाऊंगा?’ लेकिन मैंने कभी यकीन करना नहीं छोड़ा. मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे यह दिन दिया.’
रोहित शर्मा और विराट कोहली से बहुत कुछ सीखा
सैमसन ने आगे कहा, ‘मैं यह फॉर्मेट काफी समय से खेल रहा हूं. मैं लगभग 10 से 12 साल से IPL का हिस्सा रहा हूं और पिछले दस साल से नेशनल टीम से जुड़ा हूं. जब मैं रेगुलर नहीं खेल रहा था, तब भी मैं डगआउट में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे महान खिलाड़ियों से सीख रहा था. यह देखना, सीखना और समझना बहुत जरूरी है कि वे अलग-अलग हालात में क्या करते हैं. इससे मुझे बहुत मदद मिली है. मैंने शायद सिर्फ 50 या 60 गेम खेले हों, लेकिन मैंने लगभग 100 गेम करीब से देखे हैं और देखा है कि बेस्ट खिलाड़ी मैच कैसे खत्म करते हैं और हालात के हिसाब से अपने गेम को कैसे बदलते हैं.’
सैमसन से भारतीय फैंस को उम्मीद
सैमसन की इस शानदार पारी ने हर किसी का दिल जीत लिया है, क्रिकेट पंडित से लेकर क्रिकेट फैंस तक हर कोई संजू की तारीफ कर रहा है और ये उम्मीद भी कर रहा है कि संजू T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और फाइनल में भी ऐसा ही प्रदर्शन करके टीम इंडिया को तीसरी बार चैंपियन बनाएंगे. भारत अब 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से सेमीफाइनल में भिड़ेगा


