धनबाद नगर निगम से सिंह मेंशन का दबदबा रहा है. संजीव सिंह ने जेएमएम समर्थित प्रत्याशी को 31,902 मतों से पराजित किया है.
धनबाद: नगर निगम के महापौर पद के चुनाव में आखिरकार ‘सिंह मेंशन’ का दबदबा कायम रहा. महापौर पद के लिए हुई मतगणना के 10 राउंड में तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई. संजीव सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 लाख 14 हजार 362 वोट हासिल किए और नए मेयर निर्वाचित घोषित किया गया. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी JMM समर्थित चंद्रशेखर अग्रवाल को 31,902 मतों के अंतर से पराजित किया. चंद्रशेखर अग्रवाल को कुल 82,460 वोट मिले. बीजेपी समर्थित प्रत्याशी संजीव कुमार चौथे स्थान पर रहे.
मतगणना के पहले राउंड से ही संजीव सिंह ने बढ़त बना ली थी. उन्हें पहले राउंड में 15,791 वोट मिले. दूसरे राउंड में 12,586 और तीसरे में 12,506 मत प्राप्त हुए. चौथे और पांचवें राउंड में भी क्रमश: 13,193 और 13,128 वोट पाकर उन्होंने अपनी स्थिति मजबूत रखी. छठे और सातवें राउंड में 12,539 और 13,189 मत मिले. आठवें राउंड में 11,799, नौवें में 7,562 और अंतिम दसवें राउंड में 2,069 वोट के साथ उन्होंने निर्णायक बढ़त कायम रखी.
दूसरे स्थान रहे जेएमएम समर्थित प्रत्याशी
उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंद्रशेखर अग्रवाल को कुल 82,460 मत प्राप्त हुए. पहले राउंड में उन्हें 10,524 वोट मिले. दूसरे में 7,909, तीसरे में 9,865 और चौथे में 9,158 मत प्राप्त हुए. पांचवें से सातवें राउंड के बीच उन्होंने 9,841, 10,449 और 10,282 वोट हासिल किए. हालांकि बाद के राउंड में अंतर कम नहीं कर सके और अंततः दूसरे स्थान पर रहे.
चैथे स्थान पर रहे बीजेपी समर्थित प्रत्याशी
तीसरे स्थान पर रहे शमशेर आलम अंसारी को कुल 59,079 वोट मिले. तीसरे राउंड में उनका सर्वाधिक प्रदर्शन 11,366 वोट का रहा. वहीं चौथे से छठे राउंड के बीच भी उन्हें 7,115, 8,547 और 8,479 मत मिले, लेकिन बाद के राउंड में गिरावट दर्ज हुई. वहीं चौथे स्थान पर रहे संजीव कुमार को 57,895 मत मिले. पहले राउंड में 8,645 वोट के साथ उन्होंने अच्छी शुरुआत की थी. चौथे राउंड में 7,762 और पांचवें में 7,363 वोट मिले, लेकिन अंतिम राउंड तक उनकी बढ़त कायम नहीं रह सकी. इस चुनाव में कुल 4,61,509 मत पड़े. जिनमें से 4,29,782 वैध मत रहे, जबकि 31,727 मत निरस्त घोषित किए गए.
लगातार बढ़त बनाए रखे संजीव सिंह
पहला राउंड में संजिव सिंह को 15,791 और चंद्रशेखर अग्रवाल को 10,524 मत मिले. दूसरे राउंड में संजीव सिंह को 28,377 और चंद्रशेखर अग्रवाल को 18,433 मत, वहीं पांचवे राउंड में संजीव सिंह को 67,204 और चंद्रशेखर अग्रवाल को 47,297 मिले. इसी तरह लगातार बढ़त बनाते हुए संजीव सिंह को दसवें और अंतिम राउंड में 1,14,362 और चंद्रशेखर अग्रवाल को 82,460 मत मिले और 31,902 मतों के बड़े अंतर से चंद्रशेखर अग्रवाल को मात दी है. इसके साथ ही धनबाद को एक नया मेयर मिल गया है और शहर की सियासत में नया अध्याय शुरू हो गया है.


