मुंबई: शुरुआती कारोबार में बुधवार को सेंसेक्स 135.8 अंक गिरकर 84,537.22 पर खुला. वहीं निफ्टी 53.85 अंक गिरकर 25,856.20 पर कारोबार कर रहा था.
कमजोर वैश्विक बाजार रुझानों और नए विदेशी फंडों की निकासी के चलते बुधवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई.
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 135.8 अंक गिरकर 84,537.22 पर आ गया. 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 53.85 अंक गिरकर 25,856.20 पर आ गया.
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी और सन फार्मा पिछड़ने वाले शेयरों में शामिल रहे.
हालांकि, इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई.
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि जापान का निक्केई 225 सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुआ. उधर अमेरिकी बाजार मंगलवार को नकारात्मक दायरे में बंद हुए.
गौर करें तो वैश्विक शेयर बाजार दबाव में कारोबार कर रहे हैं. इससे अस्थिरता का दौर जारी है. इससे एसएंडपी 500 और नैस्डैक जैसे प्रमुख अमेरिकी सूचकांकों को महीनों में अपनी सबसे लंबी गिरावट की ओर धकेल दिया है. यह कमजोरी कोई घबराहट से प्रेरित गिरावट नहीं है, बल्कि 2025 के अधिकांश समय में अत्यधिक तेजी के बाद एक व्यापक और स्वस्थ सुधार है.
ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फर्म, एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा, “सबसे बड़ी गिरावट एआई और मेगा-कैप टेक्नोलॉजी शेयरों में उत्साह में कमी से आई है.”
उन्होंने आगे कहा कि दबाव को और बढ़ाते हुए, हाल के दिनों में फेडरल रिजर्व का रुख और भी आक्रामक हो गया है.
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 728.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. हालांकि, एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 6,156.83 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत गिरकर 64.73 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया.
इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 277.93 अंक या 0.33 प्रतिशत गिरकर 84,673.02 पर बंद हुआ था. निफ्टी 103.40 अंक या 0.40 प्रतिशत गिरकर 25,910.05 पर क्लोज हुआ था.


