Thursday, June 5, 2025

शव निकलते ही फटा कलेजा; एक साथ उठी दोनों की अर्थी

Share

धनबाद  सुदामडीह थाना क्षेत्र के बिरसा पुल समीप मोहलबनी घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ था। जिसमें पांच दोस्त पानी के तेज बहाव में बह गए थे।

धनबाद के चासनाला में दामोदर नदी में स्नान करते समय दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पांच दोस्त नदी में नहाने गए थे जिनमें से तीन को बचा लिया गया। मृतकों की पहचान अविनाश मल्लिक और शिवम मल्लिक के रूप में हुई है। शवों को बरामद कर लिया गया है और क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने किसी तरह बचा लिया। लेकिन दो युवक पानी के बहाव में बहकर डूब गए। दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई।

दोनों युवकों की पहचान कांड्रा के चुकड़ीपाड़ा बस्ती निवासी सेल कर्मी दयानंद मल्लिक का इकलौता पुत्र 21 वर्षीय अविनाश मल्लिक उर्फ राहुल और रेल कर्मी दुर्गा मल्लिक का इकलौता पुत्र शिवम मल्लिक के रूप में हुआ था।

दामोदर नदी में डूबे दूसरे युवक शिवम का शव सोमवार की सुबह सवा नौ बजे दामोदर नदी से निकाला गया। जिसके बाद स्वजन के रुदन क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, स्वजन व ग्रामीणों के लिखित आग्रह पर पुलिस ने शव को स्वजन को सौंप दिया।

यह है घटना 

रविवार को पांच दोस्त सुरुंगा निवासी दिवस कुंभकार, सुमित कुंभकार, कांड्रा निवासी प्रोमित सिंह, अविनाश मल्लिक उर्फ राहुल व शिवम मल्लिक दामोदर नदी में स्नान करने गए थे। इस दौरान नदी के तेज बहाव में अविनाश व शिवम बह गया।

स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को बचा लिया। जबकि अविनाश मल्लिक का शव तीन घंटे बाद सितानाला दामोदर नदी घाट से बरामद हुआ। शिवम मल्लिक की तलाश जारी रही। लेकिन रात तक उनका कोई पता नहीं चला। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ विरोध जताया व सड़क जाम कर दिया।

पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम हटाया। बोकारो के खेतको पेटरवार से गोताखोर की आई टीम ने नदी में लाइट लगाकर खोजबीन की। लेकिन रात के अंधेरे के कारण प्रयास असफल रहा।

जब नदी में उपलता दिखा शिवम का शव

सोमवार की सुबह पांच बजे से पेटरवार के गोताखोरों ने ऑक्सीजन की मदद से नदी में उतरे। घंटों खोजबीन की। किंतु शिवम का कोई आता पता नहीं चला। तभी एनडीआरएफ की टीम सितानाला घाट पहुंची।

घटना की पूरी जानकारी लेने के बाद टीम नदी में खोजबीन के लिए तैयारी ही शुरू किया था कि सुबह करीब सवा नौ बजे बिरसा पुल पर खड़े लोगों ने नदी में शिवम मल्लिक का शव देखा और शोर मचाया।

लोगों ने मिलकर शव को नदी से बाहर निकाला। जिसे एनडीआरएफ की टीम ने बैग में सुरक्षित भरकर स्ट्रेचर से बाहर ले गए। पुलिस ने शव को जामाडोबा टाटा अस्पताल ले गए। जहां स्वजन व ग्रामीणों के आग्रह पर शव उन्हें सौंप दिया गया।

दोनों भाइयों का शव पहुंचते ही कांड्रा बस्ती में कोहराम मच गया। स्वजनों के रुदन क्रंदन से हर आंखें नम हो गई। दोनों भाई हमेशा एक दोस्त की तरह रहते थे। दोनों का एक साथ घर से अर्थी उठी।

अंतिम संस्कार एक साथ चासनाला फिल्टर प्लांट समीप दामोदर नदी घाट पर किया गया। मुखाग्नि बड़े पिता फूलचंद्र मल्लिक उर्फ फ़ुचू ने दी। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

यह हादसा नदी में स्नान के दौरान लापरवाही व तेज बहाव के खतरों को उजागर करता है। स्थानीय प्रशासन व पुलिस को इस दिशा में जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

और मां की मन्नतें रह गई अधूरी…

शिवम की मां पिंकी देवी बेटे की सलामती की आस लिए दामोदर नदी व श्मशान काली मां के सामने हाथ जोड़ खड़ी थी। साथ थी अविनाश की मां चंपा देवी व बड़ी मां रूमा देवी। महिलाएं मंदिर में आंखों में चिंता, आंसू, होठों पर बुदबुदाते हुए मंत्र, हाथ जोड़कर प्रार्थना करती रही।

हे गंगा मईया… हे मां काली… हमारे बच्चों की रक्षा करना। ये मन्नतें… सिर्फ अपने लाल की सलामती के लिए थी। रविवार की रातभर दामोदर नदी के किनारे बैठी रहीं। नजरें नदी की लहरों में बेटे का चेहरा खोज रही थी।

पिंकी देवी व रूमा देवी हाथ जोड़कर आकाश की ओर देखती हैं। रातभर बिना कुछ खाए-पिये मां से मन्नतें मांगती रही। हर पल एक उम्मीद, एक आस थी कि बेटा लौट आएगा।

शायद सुबह कुछ अच्छा संदेश लेकर आएगा। सोमवार की सुबह महिलाएं दामोदर में स्नान करती हैं फिर श्मशान काली के दरबार जाती है। फिर से वही अरजियां, वही उम्मीद… हे मां, मेरे लाल की रक्षा करना। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जैसे ही बेटे का शव देखा… सबकुछ टूट गया।

मां, पिता, बड़े पापा, बड़ी मां… हर किसी की आंखों से बहते आंसुओं में बसी थी एक ही चीख हमारा बेटा…! एक मां की मन्नत अधूरी रह गई। एक घर का चिराग बुझ गया। और पीछे रह गई सिर्फ यादें, सिसकियां व सन्नाटा।

Read more

Local News