Friday, March 13, 2026

शपथ ग्रहण के साथ ही देवघर के मेयर रवि राउत एक्शन मोड में हैं.

Share

देवघर:संथाल परगना के आयुक्त की मौजूदगी में देवघर के नवनिर्वाचित महापौर रवि राउत ने शुक्रवार को विधिवत रूप से पद और गोपनीयता की शपथ ली. इस मौक पर देवघर नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. शपथ ग्रहण समारोह के बाद मेयर ने प्रमाण पत्र प्राप्त किया और औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया.

शपथ लेने के बाद देवघर के मेयर रवि राउत ने कहा कि वह कल से नगर निगम कार्यालय में नियमित रूप से बैठेंगे और अपने चेंबर में आने वाले लोगों की समस्याओं को सुनकर उसका समाधान करेंगे. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी जिम्मेदारी है.

सफाई व्यवस्था और जल संकट से निजात प्राथमिकताः मेयर

उन्होंने स्पष्ट किया कि मेयर के रूप में उनकी पहली प्राथमिकता शहर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना और गर्मी के मौसम में उत्पन्न होने पानी की समस्या से लोगों को राहत दिलाना होगा. मेयर ने कहा कि इन दोनों मुद्दों पर नगर निगम स्तर से ठोस पहल की जाएगी, ताकि शहरवासियों को परेशानी न झेलनी पड़े.

मेयर रवि राउत ने आगे कहा कि देवघर एक प्रमुख धार्मिक नगर है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में बाहर से श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में शहर की स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है. यदि श्रद्धालुओं को यहां स्वच्छ और व्यवस्थित माहौल मिलेगा तो इससे देवघर की छवि और मजबूत होगी और नगर निगम को भी राजस्व के रूप में लाभ होगा.

शहरवासियों से सुझाव देने की अपील

देवघर के मेयर ने शहरवासियों से शहर की साफ-सफाई और विकास से जुड़े मामलों में सुझाव नगर निगम को देने की अपील की है, ताकि योजनाओं को जमीनी स्तर पर बेहतर तरीके से लागू किया जा सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम कार्यालय के साथ-साथ उनका निजी कार्यालय भी आम लोगों के लिए हमेशा खुला रहेगा और कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर उनसे मिल सकता है.

डिप्टी मेयर बने टिप चटर्जी

वहीं नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के चुनाव का भी परिणाम सामने आ गया है. वार्ड पार्षद टिप चटर्जी ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 21 वोट के अंतर से हराकर डिप्टी मेयर का पद हासिल किया.

Read more

Local News