Friday, March 20, 2026

वीमेंस हॉकी इंडिया लीग में रांची रॉयल्स ने तीसरा स्थान हासिल किया है.

Share

रांचीः वीमेंस हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025-26 के अपने अंतिम मुकाबले में रांची रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए SG पाइपर्स को 5-2 से शिकस्त दी और टूर्नामेंट में तीसरा स्थान पक्का कर लिया. घरेलू दर्शकों के सामने खेले गए इस मुकाबले में रांची रॉयल्स ने खास तौर पर चौथे क्वार्टर में आक्रामक खेल दिखाते हुए जीत पर मुहर लगाई.

इस जीत की नायिकाएं लुसीना वॉन डर हेडे और हन्ना कॉटर रहीं, जिन्होंने दो-दो गोल दागे. मैच की शुरुआत SG पाइपर्स ने तेज दबाव के साथ की लेकिन पहले ही मिनट में रांची रॉयल्स ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर मैच पर पकड़ बना ली. ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ लुसीना वॉन डर हेडे ने दूसरे मिनट में सटीक निशाना लगाकर रांची रॉयल्स को शुरुआती बढ़त दिलाई.

शुरुआती गोल के बाद रांची रॉयल्स ने खेल की रफ्तार को नियंत्रित किया. हालांकि SG पाइपर्स की कप्तान नवनीत कौर ने 10वें मिनट में गोल कर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया. पहले क्वार्टर का खेल बराबरी पर समाप्त हुआ.

दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच तेज और रोमांचक खेल देखने को मिला. रांची रॉयल्स ने लगातार सर्कल में प्रवेश कर दबाव बनाया, जिसका फायदा 24वें मिनट में मिला. जब संगीता कुमारी ने खाली जगह का फायदा उठाते हुए शानदार गोल दागा. इस गोल के साथ रांची रॉयल्स ने फिर से बढ़त बना ली. हाफ टाइम तक रांची रॉयल्स ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और 2-1 की बढ़त के साथ ब्रेक में गई.

Ranchi Royals secured third place in Womens Hockey India League

तीसरे क्वार्टर में रांची रॉयल्स ने मिडफील्ड पर मजबूत पकड़ बनाए रखी और सतर्क खेलते हुए बढ़त को बचाए रखा. इस दौरान टीम को कई मौके मिले, जिनमें पेनल्टी कॉर्नर भी शामिल थे लेकिन उन्हें भुनाया नहीं जा सका. वहीं SG पाइपर्स ने भी जवाबी हमले किए और रांची की डिफेंस को परखा लेकिन गोल करने में नाकाम रही. तीसरा क्वार्टर बिना किसी गोल के समाप्त हुआ.

Ranchi Royals secured third place in Womens Hockey India League

चौथे और अंतिम क्वार्टर में रांची रॉयल्स ने पूरी तरह से मैच पर कब्जा कर लिया. 47वें मिनट में लुसीना वॉन डर हेडे ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल दागते हुए स्कोर 3-1 कर दिया. इसके बाद हन्ना कॉटर ने 55वें और 60वें मिनट में लगातार दो गोल कर SG पाइपर्स की वापसी की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया. SG पाइपर्स की ओर से नवनीत कौर ने 58वें मिनट में अपना दूसरा गोल जरूर किया लेकिन यह केवल सांत्वना साबित हुआ.

Ranchi Royals secured third place in Womens Hockey India League

इस जीत के साथ रांची रॉयल्स ने टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि SG पाइपर्स पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी हैं. मैच के दौरान रांची रॉयल्स का आक्रामक खेल, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन टीम वर्क देखने लायक रहा. घरेलू दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे मैदान का माहौल बेहद जोशीला बना रहा.

Read more

Local News