धनबाद:डुमरी विधायक जयराम महतो आज गुरुवार को धनबाद पहुंचे.बोकारो बीएसटी थाना में दर्ज सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में विधायक कोर्ट में हाजिर हुए. कोर्ट में पेशी के बाद विधायक जयराम महतो मीडिया से मुखातिब हुए. इस दौरान विधायक ने धनबाद सांसद ढुल्लू महतो पर जमकर जुबानी हमला बोला.
विधायक जयराम महतो ने सुप्रीम कोर्ट में दायर एक याचिका का हवाला देते हुए सांसद ढुल्लू महतो पर अकूत संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया. विधायक ने कहा कि सांसद ढुल्लू महतो के पास 40 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति है और मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को जांच का आदेश दिया है.
- उन्होंने कहा कि सांसद के पास 40 हजार करोड़ की संपत्ति की जांच सरकार को करने की जरूरत है. जयराम महतो ने सांसद के तीन पार्टनर के नाम का भी खुलासा किया है. उन सभी की संपत्ति की जांच की मांग विधायक ने की है.
डुमरी विधायक जयराम महतो ने सांसद ढुल्लू महतो द्वारा बनाए गए राम मंदिर पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि अपने कारनामों को छुपाने के लिए वह धर्म का सहारा ले रहे हैं. बिना चंदे के राम मंदिर कैसे खड़ा हो गया, यह बहुत बड़ा सवाल है. विधायक ने कहा कि लोग एक मंदिर बनाने में 50 साल लगा देते हैं, लेकिन इनके पास इतनी संपत्ति कहां से आई.
वहीं भाजपा द्वारा नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराने की मांग को विधायक जयराम महतो ने जायज ठहराया. वहीं पेसा कानून को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस पर अभी समीक्षा करने की जरूरत है.


