Sunday, April 12, 2026

वर्ल्ड मास्टर स्पोर्ट्स खेलकूद प्रतियोगिता के लिए झारखंड के पांच खिलाड़ियों का भारतीय टीम में सेलेक्शन हुआ है.

Share

रांची: झारखंड के लिए गर्व की बात है कि राज्य के पांच खिलाड़ियों का चयन वर्ल्ड मास्टर स्पोर्ट्स खेलकूद प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है. यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 17 अप्रैल 2026 से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें दुनिया भर के अनुभवी एथलीट हिस्सा लेंगे.

इन खिलाड़ियों ने बनाई भारतीय टीम में जगह

इस प्रतियोगिता में झारखंड से जिन पांच खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में जगह बनाई है उनमें लक्ष्मण राम, दशरथ महतो, अशोक महतो, अनु सिंह और मेरी मुंजनी शामिल हैं. इन सभी खिलाड़ियों ने अपने-अपने खेल में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है. इनके चयन से राज्य के खेल जगत में उत्साह का माहौल है और अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिल रही है.

15 अप्रैल को कोलकाता के लिए रवाना होंगे

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी चयनित खिलाड़ी 15 अप्रैल 2026 को हटिया से कोलकाता के लिए रवाना होंगे, जहां से वे बैंकॉक के लिए प्रस्थान करेंगे. खिलाड़ियों की इस यात्रा को लेकर उनके परिजन और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

वर्ल्ड मास्टर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता खास तौर पर उन खिलाड़ियों के लिए होती है, जिन्होंने लंबे समय तक खेलों में सक्रिय रहते हुए अपने अनुभव और फिटनेस को बनाए रखा है. ऐसे मंच पर झारखंड के खिलाड़ियों का चयन होना राज्य के खेल विकास के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.

MAAJ के सचिव ने दी खिलाड़ियों को बधाई

झारखंड मास्टर एथलेटिक्स संगठन के सचिव लक्ष्मण राम ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि राज्य के लिए भी गौरव का विषय है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे.

खिलाड़ियों ने भी इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे इस प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करेंगे. उनका लक्ष्य न सिर्फ पदक जीतना है, बल्कि झारखंड और भारत का परचम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लहराना भी है.

वर्ल्ड मास्टर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों की भागीदारी राज्य के खेल इतिहास में एक और अहम अध्याय जोड़ने जा रही है, जिस पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं.

Read more

Local News