मेहसाणा: अमेरिका के वर्जिनिया में एक स्टोर के अंदर एक बंदुकधारी हमलावर ने गुजराती पिता और बेटी को गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना ने अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों को झकझोर कर रख दिया है. खबर के मुताबिक, पीड़ित प्रदीपभाई पटेल (56) और उनकी 24 वर्षीय बेटी उर्वी पटेल पर एकोमैक काउंटी में एक बंदूकधारी ने हमला किया.
पीड़ित गुजरात के मेहसाणा के कनोदा गांव के मूल निवासी और पाटीदार परिवार से आते हैं. खबर के मुताबिक, गोली लगने के कारण प्रदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उनकी गंभीर रूप से घायल बेटी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. अमेरिकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक, जब यह हमला हुआ उस समय प्रदीपभाई पटेल और उनकी बेटी उर्वी पटेल वर्जीनिया के एकोमैक काउंटी में स्टोर में मौजूद थे. इसी बीच एक बंदुकधारी स्टोर में घुसा और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा. प्रदीपभाई के सिर पर गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, 36 घंटे के लंबे इलाज के बाद उनकी बेटी उर्वी की भी मौत हो गई.
आखिर क्या है पूरा मामला?
20 मार्च की सुबह साढ़े पांच बजे हत्या का आरोपी शराब लेने स्टोर में आया था. इसके बाद उसने रात में दुकान क्यों नहीं खुली रखने की बात कहकर विवाद किया और दोनों पिता और बेटी को गोली मार दी. प्रदीप पटेल, उनकी पत्नी हंसाबेन और बेटी उर्वी 6 साल पहले अमेरिका गए थे. प्रदीपभाई की 3 बेटियां हैं. इस घटना की जानकारी मिलते ही उनके बेटी-दामाद और भतीजा अमेरिका पहुंच गए हैं.
अमेरिका में पिता-पुत्री की हत्या से विदेश में रह रहे गुजरातियों में गहरी शोक की लहर दौड़ गई. एकोमैक काउंटी शेरिफ कार्यालय से स्थानीय मीडिया को दिए गए एक बयान के अनुसार, एक जांच के बाद ओनानकॉक के 44 वर्षीय जॉर्ज फ्रेजियर डेवोन व्हार्टन के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया. आरोपी व्हार्टन को वर्तमान में मर्डर, हत्या का प्रयास, घातक हथियार का उपयोग और रखने के आरोपों पर बिना जमानत के एकोमैक काउंटी जेल में रखा गया है.
![]()


