लोहरदगा : पीएलएफआई का नक्सली शहर में घूम रहा था. सूचना मिलने पर लोहरदगा पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ एक टीम बनाई और उसके बाद नक्सली को घेर कर धर दबोचा. यह गिरफ्तारी शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके लोहरदगा शहरी क्षेत्र के न्यू रोड से हुई है. लंबे समय से पुलिस को इस हार्डकोर नक्सली की तलाश थी.
- गिरफ्तारी को लेकर कई स्थानों पर हुई छापेमारी
- पीएलएफआई के नक्सली की गिरफ्तारी को लेकर शहर के कई स्थानों में छापेमारी की गई. जिसमें लोहरदगा पुलिस को यह कामयाबी मिली है. पुलिस को लंबे समय से नक्सली की तलाश थी. पकड़ा गया नक्सली किस्को थाना क्षेत्र के सेमरडीह गांव का रहने वाला है. इससे पहले 9 जून को लोहरदगा के करचा टोली से पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम ने सीपीआई (एम) नक्सली लालिंद्र महतो को गिरफ्तार किया था. लालिंद्र भी किस्को के सेमरडीह गांव का रहने वाला था.
- वर्षों से फरार चल रहा था नक्सली
- लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी और 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल गुमला के कमांडेंट निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को पुलिस ने पीएलएफआई के हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया है. पुलिस और सशस्त्र सीमा बल की टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की थी. इसी क्रम में पुलिस ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर नक्सली को धर दबोचा. पुलिस को कई वर्षों से नक्सली की तलाश थी.
- लोहरदगा के न्यू रोड इलाके से हुई गिरफ्तारी
- किस्को एसडीपीओ वेदांत शंकर के साथ जी कंपनी सशस्त्र सीमा बल किस्को के कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर मनीष कुमार चौबे और किस्को थाना प्रभारी सुमन मींज के नेतृत्व में लोहरदगा न्यू रोड और उसके आसपास के क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया था. गुप्त सूचना के आधार पर अभियान दल ने लोहरदगा के न्यू रोड और उसके आसपास के इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया. इसी क्रम में लोहरदगा के न्यू रोड वी-मार्ट के पास से किस्को थाना क्षेत्र के सेमरडीह निवासी रामकृष्ण भगत के पुत्र पीएलएफआई के हार्डकोर नक्सली संदीप भगत को गिरफ्तार किया गया.
- गिरफ्तार नक्सली के विरुद्ध अपहरण, लूटपाट, धमकी देने, हथियार रखने सहित कई घटनाओं को लेकर मामला दर्ज है. नक्सली 17 सीएलए एक्ट का भी आरोपित है. नक्सली संदीप भगत विगत कई वर्षों से फरार चल रहा था. जिसे गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया.
“लोहरदगा के शहरी क्षेत्र के न्यू रोड वी-मार्ट के समीप से एक हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया गया है. यह हार्डकोर नक्सली पीएलएफआई संगठन से जुड़ा हुआ है. लंबे समय से पुलिस को इसकी तलाश थी”.-सादिक अनवर रिजवी, एसपी, लोहरदगा
लोहरदगा में चार दिनों के दौरान दूसरा नक्सली पकड़ा गया है. दोनों नक्सली एक ही गांव के रहने वाले हैं. विगत 9 जून को एक नक्सली की गिरफ्तारी करचा टोली से हुई थी. जबकि गुरुवार को पकड़े गए नक्सली की गिरफ्तारी शहर के न्यू रोड वी-मार्ट के समीप से की गई है.


