लोहरदगा: जिले में शुक्रवार को बलदेव साहू महाविद्यालय क्रिकेट स्टेडियम में स्वर्गीय बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह सहित झारखंड कैबिनेट के आधे मंत्री पहुंचे थे. क्रिकेट मैच का फाइनल देखने के लिए जिला सहित आसपास के हजारों की संख्या में दर्शक स्टेडियम में पहुंचे थे. जिसको लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला लोहरदगा और पलामू के बीच खेला गया. जिसमें लोहरदगा ने पलामू को छह विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया. महत्वपूर्ण बात यह रही कि क्रिकेट के रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह पहुंचे थे. इसके अलावे मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक राजेश कच्छप, सहित झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ अजय शाहदेव और सचिव सौरभ तिवारी भी पहुंचे थे.
खेल के माध्यम से हो रहा है राज्य का नाम: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज झारखंड का नाम खेल के माध्यम से हो रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्व करने वाली बात यह है कि महिला हॉकी टीम की कप्तान झारखंड की है और आधी टीम भी झारखंड के खिलाड़ियों की है. उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम में और कुछ काम किया जाए तो यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बन सकता है.

फ्लड लाइट से स्टेडियम का रूप निखर सकता है: वीरेंद्र सहवाग
क्रिकेट और पॉलिटिक्स के सितारों की उपस्थिति में क्रिकेट का रोमांचक मैच खेला गया. आयोजन में पहुंचे वीरेंद्र सहवाग ने लोहरदगा स्टेडियम की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि यदि यहां पर फ्लड लाइट लग जाए तो स्टेडियम का रूप और भी निखर सकता है. वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि उम्मीद करते हैं कि अगली बार जब वह स्टेडियम में उपस्थित होंगे तो स्टेडियम और भी विकसित मिलेगा.

स्टेडियम को और विकसित करने की जरूरत: हरभजन सिंह
वहीं हरभजन सिंह ने कहा कि स्टेडियम के विकास को लेकर वह काफी उम्मीद लगा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यहां काफी बेहतर स्टेडियम का निर्माण हुआ है. यही कारण है कि वह दूसरी बार लोहरदगा पहुंचे हैं. यहां खेल को लेकर काफी संभावनाएं हैं. उन्होंने लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से अनुरोध करते हुए कहा कि स्टेडियम को और भी विकसित करें.

मैच को देखने पहुंची हजारों की भीड़
झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय शाहदेव ने कहा कि यदि जिला प्रशासन यहां पर जमीन उपलब्ध कराए तो अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण करने में जेएससीए पूरी तरह से सहयोग करेगा. फाइनल मुकाबले में हजारों की संख्या में दर्शकों ने उपस्थित होकर आयोजन को और भी भव्य बना दिया है. सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे.


