Thursday, March 26, 2026

लोहरदगा का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

Share

झारखंड में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है और कश्मीर जैसे हालात बन गए हैं। रविवार को लोहरदगा का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। आने वाले एक हफ्ते में तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ठंड से बचने के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गई है।

रांची। झारखंड में सर्दी का सितम जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा और कनकनी बढ़ जाने से यह जानलेवा भी हो सकता है।

बता दें कि ठंडी हवाओं के साथ साथ घने कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इसका असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची समेत आधे राज्य में घने कोहरे का असर देखने को मिलने लगा है। पछुआ हवा ने सुबह और शाम कनकनी बढ़ रही है।

राजधानी रांची व आसपास के क्षेत्रों का तापमान भी गिर गया है। स्कूल कॉलेज जाने वाले बच्चों की भी परेशानी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य के उत्तर पूर्वी व निकटवर्ती मध्य भाग में घने कोहरे का असर देखने को मिला। उत्तरी भागों में शीतलहर का सबसे अधिक असर देखने को मिला।

वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस जगन्नाथपुर का, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस लोहरदगा का रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि 22 दिसंबर को राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी और उत्तर पूर्वी क्षेत्र यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में शीतलहर की संभावना बनी रहेगी और घना कोहरा छाया रहेगा, इसे लेकर इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों तक यानी 22, 23 और 24 दिसंबर को न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों यानी 25 और 26 दिसंबर को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में हल्के व मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में 26 दिसंबर तक ठंड का प्रकोप और अधिक बढ़ जाएगा।

उन्होंने बताया कि कोहरे के साथ साथ उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। अहले सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ने लगा है। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम शीतलहर के कारण लोगों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

अगले 4 दिन राजधानी का इतना रहेगा तापमान

  • 22 दिसंबर : अधिकतम 22 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस
  • 23 दिसंबर : अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस
  • 24 दिसंबर : अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस
  • 25 दिसंबर : अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस

बरतें सावधानी

– गाड़ी चलाते समय या किसी परिवहन माध्यम से बाहर निकलते समय सावधान रहें
– गाड़ी चलाते समय फाग लाइट का प्रयोग करें
– अपनी यात्रा के किसी भी पुनर्निर्धारण के लिए एयरलाइंस और रेलवे एवं राज्य परिवहन से संपर्क में रहें
– आवश्यक रहने पर ही घर से बाहर निकलें, चेहरे को ढंककर रखें।

Read more

Local News