लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में मालगाड़ी की चपेट में हाथियों का एक झुंड आ गया. जिससे एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद, हाथियों ने पूरे रेलवे ट्रैक को घेर लिया है, जिससे बरकाकाना-बरवाडीह सेक्शन पर रेल परिचालन पूरी तरह से बाधित है. यह घटना लातेहार के निद्रा और महुआ मिलान स्टेशनों के बीच रेलवे पोल नंबर 173 के पास हुई.
दरअसल, लातेहार जिले के निंद्रा-महुआ मिलान गांव के आसपास जंगली हाथियों का झुंड अक्सर भ्रमण करता रहता है. सोमवार की रात हाथियों का झुंड रेलवे लाइन क्रॉस कर रहा था. इसी दौरान एक मालगाड़ी वहां से गुजरने लगी. जिसकी चपेट में आने से एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया और रेलवे ट्रैक पर ही बैठ गया.
हादसे के बाद दूसरे हाथी काफी आक्रोशित हो गए और रेलवे ट्रैक के आसपास ही जमे हुए हैं. सुरक्षा की दृष्टिकोण से रेलवे डिपार्टमेंट ने रेल परिचालन को रोक दिया है. टोरी स्टेशन सुपरिटेंडेंट रंजीत कुमार ने बताया कि घटना के बाद हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक के पास ही जमा हुआ है. इसी कारण रेलवे परिचालन को रोका गया है. हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक के पास ही है. इसलिए हाथी को कितनी चोट आयी है, इसकी जानकारी भी नहीं हो पा रही है.
लातेहार जिले में हाथियों के आतंक से लोग परेशान हैं. लगभग 15 से 20 की संख्या में हाथी लगातार इस क्षेत्र में जमे हुए हैं. हाथियों के द्वारा लोगों के घरों को नुकसान भी पहुंचाया जा रहा है. ग्रामीणों ने कई बार वन विभाग के अधिकारियों से अनुरोध किया है कि हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया जाए. परंतु वन विभाग लाख प्रयास के बाद भी हाथियों को इस इलाके से भगाने में असफल ही रहा है.
हाथियों के लिए बने कॉरिडोर
लातेहार विधायक प्रतिनिधि आदर्श रविराज ने कहा कि वन विभाग और रेलवे डिपार्टमेंट को आपसी समन्वय स्थापित कर इस इलाके में हाथियों के परिचालन के लिए कॉरिडोर का निर्माण करना चाहिए. उन्होंने कहा कि वर्षों से इस इलाके में हाथियों का निवास रहा है. हाथियों का झुंड अक्सर रेलवे लाइन क्रॉस करता है. इससे भविष्य में भी इस प्रकार की घटना की आशंका है.


