Saturday, March 14, 2026

लातेहार में महिला का शव घर से बरामद….

Share

लातेहारः जिला के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत केनाटोली गांव निवासी एक महिला का शव शुक्रवार को संदिग्ध अवस्था में घर से ही बरामद हुआ. महिला के शरीर पर धारदार हथियार के जख्म के निशान भी बने हुए थे. संभावना जताई जा रही है कि महिला के पति सुधीर नगेसिया ने ही उसकी हत्या कर दी है. फिलहाल पुलिस महिला के शव को कब्जे में लेकर पूरे मामले की छानबीन आरंभ कर दी है.

दरअसल, महुआडांड़ के केनाटोली गांव निवासी सुधीर बृजिया का अपनी पत्नी के साथ हमेशा झगड़ा हुआ करता था. 2 दिन पूर्व भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी, उसके बाद से दोनों गायब थे. शुक्रवार को सुधीर के घर से तेज दुर्गंध आ रही थी. घर से बदबू आता देख ग्रामीणों को कुछ शक हुआ.

ग्रामीणों ने जब घर में जाकर देखा तो वहां महिला का शव पड़ा हुआ था. महिला के शरीर पर कई जख्म के निशान भी थे और आसपास खून भी फैला हुआ था. इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे कब्जे में ले लिया.

इस मामले को लेकर थाना प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा. उन्होंने कहा कि हर पहलू को ध्यान में रखकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

अक्सर पति-पत्नी में होती थी लड़ाई

ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी में अक्सर लड़ाई होती थी. मारपीट भी दोनों के बीच आम बात हो गई थी. ग्रामीणों ने संभावना जताया कि सुधीर नगेसिया ने ही अपनी पत्नी की हत्या कर शव को अंधेरे कमरे में बंद कर दिया होगा. कुछ ग्रामीणों का कहना है कि आज सुबह भी सुधीर नगेसिया को कुछ ग्रामीणों ने गांव के आसपास देखा था. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी पूरी संभावना है कि सुधीर ने ही अपनी पत्नी की हत्या कर दिया है. ग्रामीणों ने बताया कि सुधीर नशा का भी आदी था.

इस घटना के बाद महिला के पति को हिरासत में लेने के लिए पुलिस के द्वारा छापामारी अभियान भी तेज कर दिया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बगल में स्थित जंगल की ओर ही आज सुधीर को देखा गया था. इसलिए संभावना है कि जंगल में ही वह छुपा हुआ होगा. इधर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है.

Read more

Local News