Tuesday, April 7, 2026

लातेहार में एक अधिकारी अपनी ड्यूटी के साथ पर्यावरण को बचाने में भी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं.

Share

लातेहार: ग्लोबल वार्मिंग वर्तमान समय में विश्व की समस्या बनी हुई है. इस समस्या के समाधान का बस एक ही उपाय है कि अधिक से अधिक पेड़ लगाया जाए और उन्हें सुरक्षित किया जाए. लातेहार जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी विवेक मिश्रा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह कार्य बखूबी से कर रहे हैं. अपनी ड्यूटी निभाने के साथ-साथ पर्यावरण को बचाने के लिए उनके द्वारा बड़े पैमाने पर पेड़ लगाए जा रहे हैं. लातेहार जिले में 2 वर्षों के अंतराल में उन्होंने 8000 से अधिक पौधे लगा दिए. इस कारण अब उनकी पहचान ग्रीन मैन ऑफिसर के रूप में भी होने लगी है.

दरअसल, जलवायु परिवर्तन के कारण पूरी दुनिया परेशान है. लगातार पेड़ों की कटाई और जंगल को नुकसान पहुंचाने के कारण ग्लोबल वार्मिंग का खतरा चरम पर पहुंच गया है. इस खतरे से निपटने के लिए दुनिया भर में लोग अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पेड़-पौधों को संरक्षित करने की बात कह रहे हैं.

लातेहार जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी विवेक मिश्रा भी पर्यावरण को सुरक्षित करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास कर रहे हैं. दो वर्ष पहले उनकी पदस्थापना लातेहार जिले में भूमि संरक्षण पदाधिकारी के रूप में हुई. अपनी पदस्थापना के बाद से उन्होंने लातेहार जिले में पौधे लगाने तथा लाभुक समिति से पौधे लगवाने और उसे सुरक्षित करने का जो अभियान चलाया, वह आज तक जारी है.

विभिन्न प्रकार के इमारती और फलदार वृक्षों के अलावे कई ऐसे पौधे भी लगाए गए, जिससे एक ओर पर्यावरण संरक्षित रहेगा तो वहीं दूसरी ओर लोगों की आमदनी भी बढ़ेगी. उन्होंने अब तक 8000 से अधिक पेड़ और 2000 से अधिक ड्रैगन फ्रूट्स के पौधे लगाए हैं.

जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी विवेक मिश्रा ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना फेज 2 को लातेहार जिले में पूरी तरह धरातल पर उतार दिया. इसी योजना के तहत उन्होंने किसानों को जोड़ा और किसानों को अलग-अलग प्रकार की खेती के प्रति प्रेरित किया. आधुनिक खेती से जुड़ने के बाद जब किसानों को लाभ होने लगा तो भूमि संरक्षण पदाधिकारी ने वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की.

वृक्षारोपण के इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों का भी उन्हें भरपूर सहयोग मिला और जिले में वृक्षारोपण का कार्यक्रम तेजी से चलाया गया. कई बार तो उन्होंने अपने निजी खर्चे पर पौधे मंगवाए और उसे लगवाया. सरकार द्वारा बनवाए गए अमृत सरोवर के मेढ़ पर भी पौधारोपण किया गया, जिससे अमृत सरोवर भी संरक्षित हुआ.

इधर, इस संबंध में जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी विवेक मिश्रा ने बताया कि पर्यावरण को सुरक्षित और संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. इसी उद्देश्य से उन्होंने पौधारोपण को बढ़ावा दिया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना फेज 2 के तहत विभाग का जुड़ाव सीधे क्षेत्र के क्रियाशील और मेहनती किसानों से हुआ. इसके बाद उन्होंने जिले में कृषि को बढ़ावा देने के साथ-साथ अधिक से अधिक पेड़ लगाने का कार्य भी आरंभ किया.

इस कार्य में उन्हें जिले के उपायुक्त, उप विकास आयुक्त समेत अन्य बड़े अधिकारियों का भी पूरा सहयोग मिला. वर्तमान समय तक उन्होंने पूरे जिले में लगभग 8 से 10 हजार पौधों को लगाया है. उन्होंने कहा कि इस कार्य का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपनी संस्कृति से जोड़े रखना और पर्यावरण को सुरक्षित रखना है. उन्होंने बताया कि जिले में आम, कटहल समेत फलदार वृक्षों के अलावे इमारती वृक्षों को भी लगाया गया है. इसके साथ-साथ वातावरण को शुद्ध बनाने वाले पीपल के पौधों को भी बड़े पैमाने पर लगाया गया है. किसानों को बेहतर आमदनी के लिए ड्रैगन फ्रूट के भी पौधे लगाए गए.

राज्य स्थापना दिवस पर लगाए 1000 पौधे

झारखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर भूमि संरक्षण विभाग से जुड़ी हुई जलछाजन समितियों के साथ मिलकर लगभग 1000 पौधे लगाए गए. विभिन्न जलछाजन समितियों के द्वारा जो अमृत सरोवर तथा अन्य छोटे तालाब बनाए गए, उनके मेढ़ों पर पौधे लगाए गए.

Read more

Local News