लातेहार: झारखंड का लातेहार जिला भले ही सुविधा के मामले में पिछड़ा जिला हो परंतु यहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जिले के अत्यंत पिछड़े महुआडांड़ प्रखंड के कूडो खुर्द गांव की रहने वाली नेहा खलखो ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए खेलो इंडिया के तहत छत्तीसगढ़ में आयोजित नेशनल ट्राइबल्स गेम के वॉक रेस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने इस प्रतियोगिता में 10 किलोमीटर की दूरी मात्र 1 घंटे 4 मिनट 02 सेकेंड में पूरी कर ली.
दरअसल, खेलो इंडिया ट्राइबल्स गेम छत्तीसगढ़ में 30 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित हो रहा है. बुधवार को 10 किलोमीटर पैदल चाल प्रतियोगिता में झारखंड की टीम की ओर से लातेहार की नेहा खलखो प्रतिभागी थी. नेहा ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर लातेहार के साथ-साथ पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है.
इधर, नेहा के इस सफलता पर झारखंड टीम की कोच और लातेहार जिला एथलीट संघ की सचिव अनुभा खाखा ने बताया कि नेहा ने 10 किलोमीटर रेस वॉक प्रतियोगिता में 1 घंटा 04 मिनट 02 सेकंड का समय निकालकर प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया. उन्होंने नेहा की इस सफलता पर हर्ष जताया और कहा कि नेहा की इस सफलता से लातेहार के खिलाड़ियों को नया उत्साह मिलेगा. उन्होंने कहा कि इस सफलता से झारखंड टीम को भी नया उत्साह मिला है.
वहीं स्वर्ण पदक जीतने के बाद नेहा खलखो ने कहा कि यह पूरे झारखंड की जीत है. उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि आने वाले समय में झारखंड की टीम इस प्रकार की प्रतियोगिता में और बेहतर प्रदर्शन करेगी.
5 वर्षों से कर रही थी मेहनत, मिली सफलता
झारखंड महिला टीम की कोच अनुभा खाखा ने बताया कि नेहा पिछले 5 वर्षों से इस प्रतियोगिता की तैयारी कर रही थी और लगातार कठिन परिश्रम कर रही थी. वर्तमान समय में वह बोकारो के प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी. लगातार 5 वर्षों की कठिन परिश्रम और लगन का परिणाम हुआ कि आज नेहा ने स्वर्ण पदक जीतकर पूरे झारखंड राज्य का नाम रोशन कर दिया. आने वाले दिनों में अंतर्राष्ट्रीय खेलों में भी यह देश का नाम रोशन करेगी.
महुआडांड़ की कूड़ो गांव की रहने वाली है नेहा
प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल्स गेम के पैदल चाल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली नेहा महुआडांड़ की कूड़ो गांव की रहने वाली है. बिल्कुल ग्रामीण परिवेश और सामान्य परिवार से आने वाली नेहा ने अपने बुलंद हौसलों के बल पर गांव से बाहर निकलकर स्वर्ण पदक जीता और अपने गांव और लातेहार जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड को गौरवान्वित कर दिया.
इधर, नेहा के इस सफलता पर जिला खेल पदाधिकारी अनिवेश त्रिपाठी, एथलेटिक संघ के अध्यक्ष रॉबर्ट मिंज, उपाध्यक्ष सुशांत उज्जवल कुजूर, उपाध्यक्ष तनवीर अहमद, माहताब आलम, कोषाध्यक्ष अमित रंजना मिंज, सदस्य सरिता एक्का सहित अन्य खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों ने नेहा ने हर्ष जताया है.


