पलामूः दो दिनों से लापता 10 वर्षीय बच्ची का शव कुएं से बरामद किया गया है. बच्ची पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. पुलिस के अनुसार बच्ची की निर्मम तरीके से हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है. साथ ही नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की भी आशंका व्यक्त की गई है.
घटना के बाद मौके पर स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया, एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद, चैनपुर इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार समेत कई अधिकारी पहुंचे और पूरे मामले में छानबीन शुरू कर दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 वर्षीय बच्ची दो दिनों से लापता थी. परिजनों ने लापता होने की जानकारी पुलिस को दी थी. रविवार को गांव के कुएं से दुर्गंध उठता देख ग्रामीणों ने कुएं में झांक कर देखा तो बच्ची का शव कुएं में देखा.
ग्रामीणों ने फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलने के बाद चैनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया. पुलिस ने शव की पहचान लापता नाबालिग लड़की के रूप में की है.
इस संबंध में स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया ने बताया कि बच्ची की निर्मम तरीके से हत्या की गई है. मामले में सख्त कार्रवाई की जरूरत है. पुलिस बल मौके पर पहुंच गई है और पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है. घटना में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. यह बेहद ही जघन्य अपराध है.
जांच में जुटी पुलिस
वहीं एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद ने बताया कि नाबालिग लड़की की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है. लड़की के गले को रस्सी से दबाया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस दुष्कर्म और हत्या समेत सभी बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है. लड़की के शरीर में कई जगह चोट के भी निशान हैं.


