रेल मंत्रालय ने 2026 के लिए 11,127 सहायक लोको पायलट (एएलपी) पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। इसमें दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के लिए 1531 पद शामिल हैं। रेलवे बोर्ड ने जोनवार रिक्तियों का ब्योरा जारी किया है, जिसमें पूर्व तटीय रेलवे में सर्वाधिक 1625 पद हैं। यह भर्ती परिचालन तंत्र को मजबूत करेगी और मानव संसाधन की कमी दूर करेगी। भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
रांची। रेल मंत्रालय ने वर्ष 2026 में सहायक लोको पायलट (एएलपी) के 11,127 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इनमें साउथ ईस्टर्न रेलवे के लिए 1531 पद स्वीकृत किए गए हैं।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे तथा चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स के लिए वेतन स्तर-2 के इन पदों पर केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना जारी करने का निर्णय लिया है।
19 फरवरी को जारी आदेश के मुताबिक, रिक्तियों का जोनवार ब्योरा भी निर्धारित किया गया है। पूर्व तटीय रेलवे में सर्वाधिक 1625, पूर्वोत्तर रेलवे में सबसे कम 105 पदों पर भर्ती होगी।
रेलवे बोर्ड ने भारतीय रेलवे के सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों को लिखे पत्र में कहा है कि ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (एचआरएमएस) के इंडेंट मैनेजमेंट माड्यूल में जोनल रेलवे द्वारा भेजे गए सहायक लोको पायलट के पदों के आकलन की समीक्षा की गई है।
गहन समीक्षा के बाद सक्षम अधिकारियों ने वर्ष 2026 के लिए वेतन स्तर-2 में 11,127 पदों पर केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना जारी करने की मंजूरी प्रदान की है।
रेलवे बोर्ड का यह निर्णय लंबे समय से लंबित सहायक लोको पायलट की रिक्तियों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इससे परिचालन तंत्र को मजबूती मिलने और ट्रेनों के संचालन में मानव संसाधन की कमी दूर होने की उम्मीद है।
रेल मंत्रालय के निर्देश पर रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 के लिए भारतीय रेलवे स्तर पर भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर भी जारी कर दिया है।
भर्तियों की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए नौ रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) को नोडल नामित किया है। बोर्ड के कार्यकारी निदेशक ने सभी जोन के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बोर्ड का कहना है कि नए साल में रेलवे भर्ती बोर्डों द्वारा की जाने वाली भर्तियों के लिए वार्षिक कैलेंडर का पालन किया जाए।
जोन वाइज स्वीकृत रिक्त पदों की संख्या
– सेंट्रल रेलवे – 1400
– ईस्ट सेंट्रल रेलवे – 700
– ईस्ट कोस्ट रेलवे – 1625
– ईस्टर्न रेलवे – 608
– नार्थ सेंट्रल रेलवे – 457
– नार्थ ईस्टर्न रेलवे – 105
– नार्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे – 1276
– नार्दर्न रेलवे – 740
– नार्थ वेस्टर्न रेलवे – 600
– साउथ सेंट्रल रेलवे – 674
– साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे – 200
– साउथ ईस्टर्न रेलवे (एसईआर) – 1531
– सदर्न रेलवे – 250
– साउथ वेस्टर्न रेलवे – 200
– वेस्ट सेंट्रल रेलवे – 541
– वेस्टर्न रेलवे – 214
– चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स – 06


