Wednesday, March 11, 2026

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण हजारीबाग-रांची फोरलेन सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य में तेजी ला रहा है।

Share

 झारखंड की राजधानी रांची को हजारीबाग से जोड़ने वाली सबसे महत्वपूर्ण फोरलेन सड़क को और बेहतर तथा सुरक्षित बनाने की दिशा में काम तेजी से चल रहा है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधीन कार्यरत कंपनियों द्वारा सड़क की लगातार मरम्मत कराई जा रही है। इसके साथ ही जल्द ही पूरे फोरलेन पर ओवरलेइंग के तहत एक नई परत बिछाने की तैयारी भी ज़ोरों पर है, जिससे हजारीबाग से रांची तक का सफर पहले से अधिक सुगम और आरामदायक हो सकेगा।

चरणबद्ध से किया जा रहा सड़क की मरम्मत का काम

एनएचएआई की ओर से चल रहे इस कार्य का उद्देश्य सड़क की गुणवत्ता को बेहतर बनाना और बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। जानकारी के अनुसार, सड़क पर नई लेयर मैटेरियल बिछाने के बाद वाहन चालकों और यात्रियों को पहले से ज्यादा आरामदायक सफर करने का आनंद मिलेगा। सड़क की मरम्मत का काम चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि यातायात भी प्रभावित न हो और सड़क की गुणवत्ता भी बेहतर हो सके।

इसी क्रम में एनएचएआई की प्रोजेक्ट डायरेक्टर एकता कुमारी ने हजारीबाग से रांची फोरलेन सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण कार्य में लगी सहयोगी कंपनियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए।

बेहतर सड़क के साथ सड़क सुरक्षा महत्वपूर्ण

निरीक्षण के दौरान एम्बुलेंस सेवा को हर समय तत्पर रखने, पेट्रोलिंग गाड़ियों को नियमित रूप से सड़क की निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। एनएचएआई का मानना है कि बेहतर सड़क के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

खास तौर पर चुटुपाली घाटी जिसे दुर्घटनाओं के कारण ‘मौत की घाटी’ के रूप में भी जाना जाता है, वहां भी कई तरह के बदलाव किए जा रहे हैं। घाटी क्षेत्र में दुर्घटनाओं की संख्या कम करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपायों पर काम चल रहा है। इसमें सड़क संकेतों को बेहतर करना, निगरानी बढ़ाना और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करना शामिल है।

नई लेयर मैटेरियल बिछाकर किया जा रहा काम

इस संबंध में अमित प्रकाश ने कहा कि हजारीबाग से रांची तक फोरलेन सड़क की मरम्मत का कार्य लगातार जारी है। जल्द ही सड़क पर एक नई लेयर मैटेरियल बिछाकर इसे पूरी तरह चकाचक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनएचएआई द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ आम लोगों को लेना चाहिए और अफवाहों से बचना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग निजी लाभ के लिए बिना सही जानकारी के अफवाह फैलाकर कार्य में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करते हैं, जो उचित नहीं है। सड़क निर्माण और मरम्मत का उद्देश्य लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।

हजारीबाग से रांची तक यात्रा होगी आरामदायक

एनएचएआई द्वारा उठाए जा रहे इन कदमों के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में हजारीबाग से रांची तक की यात्रा न केवल आरामदायक बल्कि पहले से अधिक सुरक्षित भी होगी। सड़क के पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

Read more

Local News