Wednesday, April 1, 2026

रामगढ़ में राधा गोविंद विश्वविद्यालय में JEE Mains परीक्षा केंद्र को रद्द कर दिया गया है, यहां संदिग्ध गतिविधियों का खुलासा हुआ है.

Share

रामगढ़: राधा गोविंद विश्वविद्यालय में 2 अप्रैल 2026 को होने वाली JEE Mains परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने विश्वविद्यालय में बने केंद्र पर परीक्षा रद्द कर दी है. अब इस बार JEE Mains परीक्षा राधा गोविंद विश्वविद्यालय के केंद्र में आयोजित नहीं होगी. TCS की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि भी कर दी गई है.

संदिग्ध गतिविधियों का खुलासा, पुलिस में केस दर्ज

विश्वविद्यालय के कुल सचिव निर्मल कुमार मंडल ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 29 मार्च को विश्वविद्यालय के कंप्यूटर लैब में संदिग्ध गतिविधियां सामने आई थीं. कुछ बाहरी लोगों द्वारा बिना अनुमति सिस्टम में छेड़छाड़ की जा रही थी. जांच में पता चला कि TCS के नाम का दुरुपयोग कर JEE Mains परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश रची जा रही थी.

इस मामले में रामगढ़ थाने में सात नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपियों में कथित TCS कर्मचारी राजेश ठाकुर और विश्वविद्यालय का तकनीशियन दिनेश कुमार महतो समेत अन्य शामिल हैं.

कर्मचारियों की सतर्कता से पकड़ा गया षड्यंत्र

कुल सचिव निर्मल कुमार मंडल ने बताया कि कर्मचारियों की सतर्कता के कारण समय रहते इस पूरे खेल का खुलासा हो गया. तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में कंप्यूटर उपकरण जब्त किए गए. प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में विश्वविद्यालय की कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका नहीं है. यह TCS कंपनी के कर्मचारी और राधा गोविंद विश्वविद्यालय के कर्मचारी की मिलीभगत से रचा गया षड्यंत्र था, जो नाकाम हो गया.

TCS का आधिकारिक ईमेल, परीक्षा स्थगित/रद्द

कुल सचिव निर्मल कुमार मंडल ने बताया कि TCS की ओर से आधिकारिक ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें राधा गोविंद विश्वविद्यालय केंद्र पर JEE Mains परीक्षा को फिलहाल स्थगित/रद्द करने का निर्णय लिया गया है.

आंतरिक जांच और सुरक्षा मजबूत करने का आश्वासन

घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तकनीकी पहलुओं की जांच के लिए आंतरिक टीम गठित की है और पुलिस जांच में पूर्ण सहयोग किया जा रहा है. प्रबंधन ने आश्वस्त किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा सभी प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी बनाया जाएगा.

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें.

Read more

Local News