Wednesday, February 18, 2026

रामगढ़ में आईजी सुनील भास्कर ने उच्चस्तरीय बैठक की.

Share

रामगढ़: बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर ने मंगलवार को रामगढ़ में एसपी सहित पुलिस पदाधिकारियों संग अहम बैठक की. जिसमें उन्होंने जिले में हाल में हुई फायरिंग की घटना, धमकी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए.

बैठक में आईजी सुनील भास्कर ने स्पष्ट कहा कि उनके आगमन का मुख्य उद्देश्य जिले में हाल में हुई फायरिंग और धमकी से संबंधित घटनाओं की समीक्षा करना और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करना है. उन्होंने संतोष जताया कि एक-दो मामलों को छोड़कर अधिकांश मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को चिन्हित किया है, लेकिन जोर इस बात पर दिया कि अपराध होने के बाद कार्रवाई से अधिक जरूरी है अपराध की पहले ही रोकथाम हो.

आईजी ने निर्देश दिया कि संगठित अपराधियों पर सीसीए, थाना हाजिरी, सर्विलांस प्रोसीडिंग सहित सभी वैधानिक उपायों का उपयोग किया जाए. उन्होंने कहा कि जो अपराधी गिरोह देश के बाहर बैठकर फोन के माध्यम से लोगों को धमकाने और रंगदारी वसूलने का प्रयास कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने बताया कि ऐसे अपराधियों के विरुद्ध रामगढ़ एसपी के माध्यम से एटीएस की सहायता से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी निगरानी और गिरफ्तारी संभव हो सके. साथ ही संगठित अपराधियों की संपत्ति का विस्तृत ब्योरा तैयार कर जब्ती की कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है.

आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि अपराध के नेटवर्क को तोड़ना है. इसके लिए आसूचना तंत्र मजबूत करने, तकनीकी निगरानी बढ़ाने और जनता से संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया.

बैठक के अंत में उन्होंने साफ संदेश दिया कि रामगढ़ में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रखेगी. वहीं बैठक के पूर्व आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

Read more

Local News