Thursday, March 26, 2026

रामगढ़ पुलिस ने भुरकुंडा रेलवे साइडिंग फायरिंग मामले में 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

Share

रामगढ़: भुरकुंडा रेलवे गुड्स साइडिंग में फायरिंग करने वाले 6 अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सभी राहुल दुबे गैंग के सदस्य हैं. उनके पास से 2 पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 5 मोबाइल पुलिस ने बरामद किए हैं.

13 जून 2025 को करीब 08:00 बजे सुबह भदानीनगर ओ.पी. के सामने भुरकुंडा रेलवे साइडिंग में दो बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों द्वारा दहशत फैलाने के उद्देश्य से अंधाधुंध फायरिंग की गई थी. इस वारदात के बाद साइडिंग में काम करने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल था. पूरी साइडिंग में अफरा तफरी मच गई थी. वारदात के बाद घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए एसपी अजय कुमार के द्वारा पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया. SIT ने वारदात में शामिल 6 अपराधियों को 12 दिनों में गिरफ्तार कर लिया.

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने बताया कि 13 जून को 8:00 बजे सुबह भदानी नगर रेलवे साइडिंग में बाइक पर सवार दो अपराधी पहुंचे और एक अपराधी ने ऑफिस के बाहर बैठे लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग की और फरार हो गए. इसके बाद एसआईटी का गठन किया गया था. तकनीकी रूप से पूरे मामले का अनुसंधान किया गया और इस मामले में फायरिंग करने वाले शूटर सुजीत डोम को उसके घर भुरकुंडा से गिरफ्तार किया गया, जिसका पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और उसकी निशानदेही पर एक-एक कर अन्य पांच अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

घटना के दिन इनामुल अंसारी बाइक चलाते हुए अपने पीछे सुजीत डोम को बैठा कर रेलवे साइडिंग भुरकुंडा पहुंचा था, जहां पर सुजीत डोम के द्वारा रेलवे साइडिंग के अंदर जाकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया. घटना को अंजाम देते समय सद्दाम अंसारी, मजहर अंसारी और आजाद अंसारी ने मतकमा चौक एवं अन्य स्थानों पर खड़े हो कर पुलिस की गतिविधि की रेकी एवं सूचना देने का काम किया था. गिरोह के सक्रिय अपराधी संगठित अपराध से जुड़े हुए हैं, जो दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलने का काम करते हैं.

Read more

Local News