रांची: राज्य में होने वाले निकाय चुनाव का असर अब शैक्षणिक कैलेंडर पर भी दिखने लगा है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने चुनावी प्रक्रिया को देखते हुए इंटरमीडिएट समेत कई कक्षाओं की परीक्षाओं की तिथियों में संशोधन किया है. 23 फरवरी को निर्धारित इंटर की परीक्षा अब 24 फरवरी को आयोजित की जाएगी.
परिषद की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, हिंदी बी और मातृभाषा विषय की इंटरमीडिएट परीक्षा 24 फरवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी. पहले यह परीक्षा 23 फरवरी को होना थी, लेकिन उसी दिन निकाय चुनाव के लिए मतदान होना है. परीक्षा और मतदान एक साथ होने से छात्रों को परेशानी हो सकती थी, जिसे देखते हुए तिथि में बदलाव का निर्णय लिया गया है.
11वीं कक्षा की परीक्षाओं के कार्यक्रम में भी परिवर्तन किया गया है. अब यह परीक्षा 25, 26 और 28 फरवरी को दो पालियों में आयोजित होगी. प्रत्येक विषय 40 अंकों का होगा. चुनावी व्यस्तता और संसाधनों के उपयोग को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है.
27 फरवरी को मतगणना निर्धारित है. इसी कारण आठवीं कक्षा की परीक्षा, जो पहले उस दिन होनी थी, अब 2 मार्च को कराई जाएगी. आठवीं की परीक्षा दो शिफ्ट में होगी. इसके लिए छात्र 20 फरवरी से जैक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे.
नौवीं कक्षा के परीक्षा कार्यक्रम में भी संशोधन किया गया है. अब नौवीं की परीक्षाएं 6 और 7 मार्च को होंगी. संबंधित छात्र 24 फरवरी से अपना एडमिट कार्ड ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे. वहीं, इंटरनल असेसमेंट के मार्क्स 8 मार्च से 18 मार्च के बीच पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे.
गौरतलब है कि राज्य में 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना प्रस्तावित है. परीक्षा तिथि और चुनावी कार्यक्रम के टकराव को लेकर विद्यार्थी लगातार संशोधन की मांग कर रहे थे. परिषद के इस फैसले से परीक्षार्थियों को राहत मिली है. जैक ने छात्रों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे संशोधित तिथियों के अनुसार तैयारी सुनिश्चित करें और समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें.
“निकाय चुनाव की तिथियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुविधा और सुचारु परीक्षा संचालन को प्राथमिकता दी गई है. मतदान और मतगणना के दिन स्कूल भवनों एवं प्रशासनिक संसाधनों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है. सभी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित पाठ्यक्रम और समयावधि के अनुसार ही होंगी. छात्रों को किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति में नहीं रहना चाहिए और वे संशोधित तिथियों के अनुसार तैयारी जारी रखें.” जयंत मिश्रा-जैक सचिव


