Saturday, May 31, 2025

 राजस्व कर्मियों ने वापस ली हड़ताल, सरकार देगी पिछले 27 दिनों की सैलरी; आदेश जारी

Share

राजस्व कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है। बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ ने घोषणा की कि अपर मुख्य सचिव से वार्ता के बाद यह फैसला लिया गया। उनकी 17 सूत्री मांगों पर विचार किया जाएगा। विभाग ने कहा कि काम पर लौटने वालों पर कार्रवाई नहीं होगी लेकिन बाद में लौटने वालों पर नो वर्क नो पे लागू होगा।

पटना। राजस्व कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है। बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने शुक्रवार को यह घोषणा की।

मोर्चा की ओर से बताया गया कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह से वार्ता का समय मिलने के बाद हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया।

बातचीत के दौरान मोर्चा की 17 सूत्री मांगों पर विचार किया जाएगा। ये कर्मचारी मार्च से ही हड़ताल पर थे। इससे पहले विभाग के सचिव जय सिंह ने गुरुवार को जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर कहा था कि वे हड़ताल समाप्त कराने की पहल करें।

विभाग ने कहा कि 30 मई की शाम तक काम पर लौटने वाले हड़ताली कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी।

हड़ताल अवधि के दौरान उनकी अनुपस्थिति को उपार्जित अवकाश में समायोजित कर दिया जाएगा। सेवा भी अटूट रहेगी। लेकिन, उसके बाद भी काम पर न लौटने वाले कर्मचारियों पर नो वर्क, नो पे का फार्मूला लागू होगा।

आरा में भी काम पर लौटे राजस्वकर्मी

वहीं, दूसरी ओर भोजपुर जिले में विगत 27 दिनों से अपनी 17 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन अवकाश पर चल रहे राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को टूट गई।

जिले के अधिकांश अंचलों में शनिवार के दिन राजस्व कर्मचारियों ने अपना-अपना कार्यभार योगदान देकर संभाल लिया।

मालूम हो शुक्रवार को राजस्व विभाग के एसीएस दीपक कुमार सिंह के द्वारा किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई हड़तालिक कर्मचारियों के खिलाफ नहीं करने और जो हो गया है उसे वापस लेने के साथ-साथ सोमवार को हड़ताल वापसी के बाद वार्ता के लिए बुलाने की जानकारी दी गई थी।

इसी के आधार पर बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ ने अपना हड़ताल वापस सशर्त वापस ले लिया। कर्मचारी संघ का कहना है कि सोमवार को यदि सकारात्मक वार्ता नहीं होगी तो एक बार फिर से हड़ताल पर वापस जा सकते हैं।

अब देखना है सोमवार को एसीएस के साथ राज्य मुख्यालय में वार्ता होती है कि नहीं और यदि होती है तो कितनी सफल रहती है।

जिले में संघ के जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह, जिला सचिव संजय कुमार सिंह, बिहार प्रदेश संघर्ष सचिव राहुल कुमार राय आदि ने बताया कि हड़ताल से वापस आते हुए राजस्व कर्मचारियों ने सभी अंचलों में योगदान दे दिया है।

जिला सचिव संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चरपोखरी अंचल कार्यालय में कई कर्मचारियों ने अंचलाधिकारी चंदन कुमार के निर्देश पर प्रधान सहायक दीपक कुमार को अपना योगदान पत्र सौंपा। इसी प्रकार अन्य अंचलों में भी सभी कर्मचारियों ने योगदान दिया है।

Read more

Local News