Thursday, March 26, 2026

राजधानी रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में प्रतिष्ठित संतोष ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है.

Share

रांचीः राजधानी रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में प्रतिष्ठित संतोष ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है. यह टूर्नामेंट ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) और झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन (JFA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है. झारखंड को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने से राज्य के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.

इस टूर्नामेंट में कुल चार टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें मेजबान झारखंड के अलावा दिल्ली, बिहार और रेलवे की टीमें शामिल हैं. सभी मुकाबले ग्रुप-सी के अंतर्गत खेले जा रहे हैं. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला दिल्ली और रेलवे की टीम के बीच खेला गया, जिसमें दोनों ही टीमों ने जीत के इरादे से मैदान में उतरकर दमखम दिखाया. शुरुआती मैच से ही टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धात्मक माहौल देखने को मिला

हालांकि टूर्नामेंट की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन इसका विधिवत उद्घाटन झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार शुक्रवार शाम को करेंगे. उद्घाटन समारोह को लेकर भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. आयोजन समिति का मानना है कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट से झारखंड में फुटबॉल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी, साथ ही युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच भी प्राप्त होगा.

SANTOSH TROPHY IN RANCHI

झारखंड ने कई खेलों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है

संतोष ट्रॉफी के तहत मुकाबले 19, 21 और 23 दिसंबर को खेले जाएंगे. इन दिनों स्टेडियम में दर्शकों की अच्छी-खासी भीड़ जुटने की उम्मीद है. खासकर झारखंड की टीम के मुकाबलों को लेकर स्थानीय फुटबॉल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. राज्य की टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, क्योंकि हाल के वर्षों में झारखंड ने फुटबॉल सहित कई खेलों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है.

SANTOSH TROPHY IN RANCHI

दर्शकों और खिलाड़ियों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

आयोजकों ने सुरक्षा, दर्शकों की सुविधा और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं. बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को पूरी तरह से तैयार किया गया है ताकि खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सके. कुल मिलाकर, रांची में हो रहा संतोष ट्रॉफी का यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रेमियों के लिए उत्सव का अवसर है, बल्कि झारखंड के खेल मानचित्र पर एक बार फिर राज्य की मजबूत मौजूदगी को भी दर्शाता है.

Read more

Local News