रांची से घरेलू हवाई यात्रा महंगी हो गई है, जिसमें टिकटों के किराए में 25-35% की बढ़ोतरी हुई है। एयरलाइंस द्वारा ईंधन अधिभार बढ़ाने और एटीएफ की कीमतों में वृद्धि के कारण यह उछाल आया है। एयर इंडिया ने 12 मार्च से हर घरेलू उड़ान पर ₹399 का अतिरिक्त ईंधन शुल्क लगाया है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों के लिए किराए में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ गया है।
रांची। घरेलू हवाई यात्रा अब यात्रियों की जेब पर भारी पड़ने लगी है। रांची से देश के प्रमुख शहरों के लिए फ्लाइट टिकटों के किराए में हाल के दिनों में 25 से 35 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
एयरलाइंस कंपनियों द्वारा फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में वृद्धि के कारण टिकट दरों में उछाल आया है।
399 रुपये का अतिरिक्त ईंधन शुल्क
इस बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 12 मार्च से हर घरेलू उड़ान की टिकट पर 399 रुपये का अतिरिक्त ईंधन शुल्क जोड़ने का फैसला किया है। इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है और टिकट की कीमतें पहले की तुलना में और अधिक हो गई हैं।
ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार वर्तमान में रांची से दिल्ली के लिए फ्लाइट किराया करीब 12 हजार से 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं हैदराबाद के लिए टिकट 10 हजार से 13 हजार रुपये के बीच मिल रहा है। बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को लगभग 15 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
रांची से मुंबई का किराया 14 हजार से 16 हजार
इसी तरह रांची से मुंबई के लिए फ्लाइट टिकट 14 हजार से 16 हजार रुपये तक पहुंच गया है, जबकि कोलकाता के लिए किराया फिलहाल 8 हजार से 10 हजार रुपये के बीच है। एजेंसियों का कहना है कि मांग बढ़ने के कारण इन रूटों पर किराए में लगातार उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल रहा है।
हवाई ईंधन महंगा होने से बढ़ा किराया
तारा ट्रैवल एजेंसी के संचालक रणधीर कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में हवाई ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी और एयरलाइंस की परिचालन लागत बढ़ने से टिकट दरों में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि अंतिम समय में टिकट बुक कराने पर किराया और ज्यादा हो जाता है।
मांग बढ़ने से किराए में उछाल
ओम ट्रैवल्स के रूपेश कुमार ने बताया कि सामान्य तौर पर फ्लाइट किराए में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है। हवाई किराया मांग और उपलब्ध सीटों के आधार पर बदलता रहता है, लेकिन इस बार किराए में बढ़ोतरी कुछ ज्यादा है।


