Tuesday, April 7, 2026

रांची में 5वीं राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा.

Share

रांची: झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर बड़े राष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है. झारखंड राज्य टेबल टेनिस संघ (JSTTA) ने भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (TTFI) के तत्वावधान में यूटीटी 5वीं राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के आयोजन की आधिकारिक घोषणा कर दी है. यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप 6 से 13 दिसंबर 2025 तक हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव, होटवार में आयोजित की जाएगी. खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए यह आयोजन बेहद खास होने वाला है. क्योंकि इसमें देशभर के शीर्ष रैंकिंग खिलाड़ी भाग लेने आ रहे हैं.


इस भव्य चैंपियनशिप में लगभग 2000 खिलाड़ी पूरे भारत से रांची पहुंचेंगे, प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लड़कों और लड़कियों के एकल मुकाबलों के साथ-साथ पुरुष और महिला एकल की श्रेणियां शामिल हैं. प्रतियोगिता का आयोजन JSTTA द्वारा TTFI के सहयोग से किया जा रहा है, जबकि इसे प्रायोजित और संचालित कर रहा है अल्टीमेट टेबल टेनिस (UTT). जिसे स्थानीय साझेदारों का भी समर्थन प्राप्त है.


  • झारखंड सरकार ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की है. उद्घाटन समारोह के लिए राज्य के मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रण भेजा गया है. आयोजन समिति के अनुसार, मुख्यमंत्री के शामिल होने से न सिर्फ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि झारखंड की खेल संस्कृति को भी एक नई पहचान मिलेगी.
  • रांची में इस चैंपियनशिप का आयोजन कई मायनों में महत्वपूर्ण है. यह सिर्फ एक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को पहचान देने वाला एक राष्ट्रीय मंच है. इस आयोजन से खिलाड़ियों को टीटीएफआई रैंकिंग प्वाइंट्स प्राप्त होंगे, जो आगे चलकर भारतीय टीम में उनके चयन की संभावनाओं को मजबूत करेंगे. यही कारण है कि देशभर के शीर्ष खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में अपनी सर्वोत्तम क्षमता के साथ उतरेंगे. दर्शकों को भी रोमांचक और विश्वस्तरीय मुकाबले देखने को मिलेंगे.

  • झारखंड राज्य टेबल टेनिस संघ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि संघ सभी प्रतिभागियों को झारखंड की गर्मजोशी और आतिथ्य का अनुभव कराना चाहता है. आयोजन समिति ने कहा कि यह चैंपियनशिप भारत में टेबल टेनिस को आगे बढ़ाने और उभरती प्रतिभाओं को मंच देने के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है. युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रांची के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और खेल शिक्षकों को अपने छात्रों के साथ इस आयोजन में शामिल होने का विशेष निमंत्रण दिया गया है. आयोजकों का मानना है कि स्कूली छात्रों की उपस्थिति अगली पीढ़ी में खेल भावना और अनुशासन के प्रति आकर्षण बढ़ाएगी.

  • प्रेस के सदस्यों को मुकाबलों को कवर करने, खिलाड़ियों से संवाद करने और अगली पीढ़ी के टेबल टेनिस सितारों को नजदीक से देखने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है. आयोजन समिति मानती है कि मीडिया इस आयोजन की सफलता और व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी.


8 दिनों तक चलने वाली यह चैंपियनशिप रांची में खेल संस्कृति का बड़ा उत्सव बनने जा रही है. देशभर के खिलाड़ियों, खेल विशेषज्ञों और दर्शकों की उपस्थिति से यह आयोजन न सिर्फ झारखंड की पहचान बढ़ाएगा, बल्कि भविष्य की प्रतिभाओं को भी एक नया मंच प्रदान करेगा. झारखंड राज्य टेबल टेनिस संघ ने सभी खेल प्रेमियों, स्कूलों और गणमान्य व्यक्तियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय आयोजन का हिस्सा बनें और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं.

Read more

Local News