रांचीः झारखंड की रजत जयंती वर्ष के मौके पर 22 नवंबर 2025 रांची जिला में “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” यानी सेवा अधिकार सप्ताह कार्यक्रम के तहत बड़े पैमाने पर जनसेवा शिविरों का आयोजन हुआ.
ग्रामीण क्षेत्रों की पंचायतों से लेकर रांची नगर निगम के वार्डों तक कुल 60 से अधिक स्थानों पर शनिवार को सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ देखी गई. एक ही छत के नीचे कई विभागों की योजनाओं की जानकारी, आवेदन, स्वीकृति और मौके पर ही परिसंपत्ति वितरण की सुविधा उपलब्ध होने से लोग बेहद उत्साहित दिखे.

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि “झारखंड की रजत जयंती का यह वर्ष हम सभी के लिए गर्व और संकल्प का वर्ष है. आज का जनसैलाब और लोगों के चेहरों पर मुस्कान बता रही है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं”.
शिविरों में समस्याओं का समाधान
- सामाजिक सुरक्षा पेंशन (वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग) के सैकड़ों नवीन एवं लंबित स्वीकृति पत्रों का वितरण.
- सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लुंगी योजना के तहत हजारों लाभुकों को धोती, साड़ी एवं लुंगी का वितरण.
- दिव्यांगजनों को ट्राइसाईकिल व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, आदि का मौके पर वितरण.
- दाखिल-खारिज शुद्धि पत्र, लगान रसीद, जाति, आय, आवासीय प्रमाण-पत्रों का त्वरित निष्पादन.
- आधार कार्ड नामांकन/सुधार, पैन कार्ड.
- प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान क्रेडिट कार्ड आदि की जानकारी एवं आवेदन.
- स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क जाँच, दवा वितरण एवं गोल्डेन कार्ड बनवाने की सुविधा.
आज शनिवार को अनगड़ा प्रखंड में बोंगईबेड़ा एवं पैका पंचायत, बेड़ो प्रखंड में डोरण्डा एवं करकरी पंचायत, बुण्डू प्रखंड में ऐदलहातु एवं बारूहातु पंचायत, बुढ़मू प्रखंड के मुरुपीरी एवं ओझासाइम पंचायत, चान्हो प्रखंड के बलसोकरा, पतरातु एवं सोंस पंचायत, ईटकी प्रखंड के कुल्ली एवं कुर्गी पंचायत, कांके प्रखंड के काटमकुली, मालभृंग, गागी एवं मनातु पंचायत में शिविर लगा.
इसके साथ ही खलारी प्रखंड के मायापुर एवं चुरी पूर्वी पंचायत, लापुंग प्रखंड के बोकरन्दा एवं दानेकेरा पंचायत, माण्डर प्रखंड के बरगरी एवं ब्राम्बे पंचायत, नगड़ी प्रखंड के देवरी एवं नगड़ी पंचायत, नामकुम प्रखंड के सोदाग, लालखटंगा, डुंगरी एवं सीठियो पंचायत, ओरमांझी प्रखंड को कुटे एवं चाडू पंचायत, राहे प्रखंड को होटलो पंचायत, रातु प्रखंड को पुरियो, रातु उत्तरी एवं रातु पूर्वी पंचायत, सिल्ली प्रखंड के हाकेदाग एवं पिस्का पंचायत, सोनाहातु प्रखंड के जामुदाग एवं तेलवाडीह पंचायत और तमाड़ प्रखंड के आराहंगा, रड़गांव, मल्हानभुड़हाडीह एवं मरधान पंचायत के अलावा शहरी क्षेत्र के अलग-अलग वार्ड में शिविर लगाए गये.
जिला स्तरीय वरीय अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, विभागीय कर्मचारी एवं जन-प्रतिनिधि सुबह से शाम तक शिविरों में डटे रहे और लाभुकों की हर छोटी-बड़ी समस्या का त्वरित निदान किया. सेवा का अधिकार सप्ताह 28 नवंबर 2025 तक चलेगा. इस दौरान जिले के शेष सभी पंचायतों एवं वार्डों में भी जनसेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे. इस दौरान कोशिश की जा रही है कि सभी पात्र नागरिक को योजनाओं का लाभ दिया जा सके.


