Tuesday, April 7, 2026

रांची में प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेसियों का दर्द छलका. पश्चिम सिंहभूम से आई महिला कांग्रेस नेता ने जेएमएम का सहयोग नहीं मिलने की बात कही.

Share

रांची: कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में आयी पश्चिम सिंहभूम के गोईलकेरा प्रखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुनीता लकड़ा सोमवार अपनी बात कहते कहते कैमरे के सामने ही रोने लगीं. उनको इस बात का दुख है कि सहयोगी होकर भी झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता उन्हें सहयोग नहीं करते, बल्कि उनके कामों में उल्टे बाधा डालते हैं, मान सम्मान देना तो दूर की बात है.

सुनीता 10 नवंबर से शुरू हुए झारखंड के 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने सोमवार को रांची आयी हुई थी. उन्होंने बताया कि ग्रासरूट पर पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए जब योजनाओं को लेकर जरूरतमंदों के बीच जाती हैं तो झामुमो के नेताओं और कार्यकर्ताओं के द्वारा बाधा डाली जाती है, जबकि सिंहभूम की एमपी और जहां से सुनीता आती हैं उस क्षेत्र के एमएलए दोनों सहयोगी पार्टी झामुमो के हैं, फिर भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव किया जाता है.

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के विशेष आमंत्रित सदस्य और झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू से जब ईटीवी भारत संवाददाता ने सुनीता लकड़ा के लिए झामुमो की ओर से ही स्थानीय स्तर पर खड़ी की जा रही परेशानी के संबंध में बात की तो के राजू ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कई जिलों से ऐसी जानकारी मिली है. ऐसे में वह शीघ्र राज्य के मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन से बात करेंगे. उन्होंने कहा कि पूर्व में बनी कोऑर्डिनेशन कमेटी का कार्यकाल समाप्त हो गया है. ऐसे में कांग्रेस जल्द नया कोऑर्डिनेशन कमेटी गठित करने की मांग करेगी.

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू ने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सिर्फ जेपीसीसी को मजबूत बनाना जरूरी नहीं है, बल्कि ग्रास रुट पर पार्टी संगठन को बेहतर बनाना जरूरी है. के राजू ने कहा कि अभी राज्य के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला कांग्रेस ऑब्जर्वर, ब्लॉक अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों को मजबूत बनाना है. इसके साथ ही विपक्षी पार्टी भाजपा की वोट चोरी और एसआईआर को लेकर उनकी मंशा और उससे निपटने के उपाय बताए जाएंगे. साथ ही हर बूथ पर बीएलए की नियुक्ति को लेकर जानकारी दी जा रही है.

मंगलवार को रांची महानगर, रांची ग्रामीण और लोहरदगा जिले के जिलाध्यक्ष, जिला ऑब्जर्वर, प्रखंड अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. सोमवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्षों से लेकर प्रखंड और मंडल अध्यक्षों ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर काफी उपयोगी रहा है और इससे हमें जेपीसीसी की कार्य योजनाएं और आगे की रणनीति को जानने समझने का मौका मिला है.

प्रशिक्षण कार्यक्रम में ये नेता हुए शामिल

सोमवार को हुए रांची के प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी के राजू, सह प्रभारी श्रीबेला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रदीप बलमुचू, प्रदेश मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी, वरिष्ठ नेता अमूल्य नीरज खलखो और गोइलकेरा, टोंटो, चाईबासा के प्रखंड अध्यक्ष सहित कई नेता शामिल थे.

Read more

Local News