रांची: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तीन जुलाई को रांची के रातू रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे. इसके मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. इससे संबंधित आदेश ट्रैफिक एसपी कैलाश करमाली ने बुधवार को जारी किया है.
क्या है आदेश में
ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि 3 जुलाई को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक शहर में मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. वहीं, शहरी क्षेत्र में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही और प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है. ट्रैफिक एसपी ने बताया कि भीड़ को देखते हुए अन्य रूटों पर भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है.
ऐसी रहेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था
- तीन जुलाई को सुबह आठ से रात दस बजे तक शहर में सभी प्रकार के बड़े मालवाहक वाहनों का परिचालन एवं प्रवेश वर्जित रहेगा.
- तीन जुलाई को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक सभी मालवाहक वाहनों का प्रवेश, परिचालन वर्जित रहेगा.
- तीन जुलाई को कांठीटांड, रातू, तिलता के तरफ से पंडरा, पिस्का मोड़, न्यू मार्केट की ओर आने वाले सभी प्रकार के बड़े व छोटे मालवाहक वाहन एवं चार पहिया वाहन, बस, आदि का प्रवेश वर्जित किया गया है.
- कांठीटाड, की ओर से पिस्का मोड़ के तरफ आने वाले तिलता चौक से ही रिंग रोड के बायें, दायं मुड़कर अपने गंतव्य तक जा सकते हैं.
- न्यू मार्केट चौक से लेकर एसबीआई मुख्य शाखा कचहरी, जाकिर हुसैन पार्कि मोड़ से रणधीर वर्मा चौक के बीच सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा.
- मेन रोड और सरकुलर रोड से किशोरी यादव चौक, जाकिर हुसैन पार्क की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहन रेडियम चौक से एसएसपी आवास चौक तथा जेल चौक से करमटोली चौक होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकते हैं.
- शहीद चौक, अपर बाजार से किशोरी यादव चौक की ओर से आने वाले सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश व परिचालन वर्जित रहेगा.
- कटहल मोड़ से पिस्का मोड़ की ओर आने वाले सभी प्रकार के चार पहिया वाहनों का प्रवेश, परिचालन पूरी तरह से वर्जित रहेगा. कटहल मोड़ से सभी प्रकार के चार पहिया वाहन एटीआई बस स्टैंड तक ही आ सकेंगे.
यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था
- वीवीआईपी के वाहनों की ओटीसी ग्राउंड में वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
- ऑटो व चार पहिया वाहनों के लिए पंडरा बाजार समिति परिसर में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.
- मोटरसाइकिल के लिए आईटीआई कॉलेज ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.


