Thursday, April 2, 2026

रांची में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के दूसरे दिन चार अहम मैच खेले गए.

Share

रांची: राजधानी रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 1 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के दूसरे दिन कुल चार मुकाबले खेले गए. दिनभर चले रोमांचक मैचों में गोवा, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़ और उत्तराखंड की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की.

गोवा ने तेलंगाना को 6-3 से हराया

दिन के पहले मुकाबले में गोवा ने तेलंगाना को 6-3 से हराया. गोवा की ओर से बेरतीला केरकेट्टा और डेलिना मेंडेस ने 2-2 गोल दागे, जबकि सीमा तिर्की और विद्या कुमारी ने एक-एक गोल किया. शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल करने वाली बेरतीला केरकेट्टा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

दूसरा मुकाबला रहा संघर्षपूर्ण

दूसरे मुकाबले में पश्चिम बंगाल ने दादर नगर हवेली और दमन एवं दीव को कड़े संघर्ष में 1-0 से मात दी. मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल पूजा कुमारी साव ने किया, जिन्हें बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड दिया गया.

चंडीगढ़ ने गुजरात को एकतरफा हराया

दिन के तीसरे मैच में चंडीगढ़ ने गुजरात पर एकतरफा दबदबा बनाते हुए 12-1 से बड़ी जीत दर्ज की है. चंडीगढ़ की ओर से कफी ने 4 गोल किए, जबकि नैंसी कश्यप, आंचल और अनु ने 2-2 गोल दागे. इसके अलावा भावना और यास्मीन शर्मा ने एक-एक गोल किया. गुजरात की ओर से एकमात्र गोल नियंती करमार ने किया. इस मैच में आंचल को उनके शानदार खेल के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

उत्तराखंड ने कर्नाटक को 6-1 से पराजित किया

दिन के अंतिम और चौथे मुकाबले में उत्तराखंड ने कर्नाटक को 6-1 से पराजित किया. उत्तराखंड की ओर से करीना ने हैट्रिक लगाते हुए 3 गोल किए, जबकि मीनाक्षी, दिया और दिव्यानी सोलिन ने एक-एक गोल का योगदान दिया. कर्नाटक की ओर से एकमात्र गोल प्रीति नीलाराडी ने किया. इस मुकाबले में मीनाक्षी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला.

टूर्नामेंट के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार कौशल, टीमवर्क और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया है. प्रतियोगिता के सफल आयोजन में हॉकी इंडिया, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग झारखंड सरकार और हॉकी झारखंड की अहम भूमिका रही.

आने वाले दिनों में मुकाबले और भी रोमांचक होंगे. यहां देशभर की उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे: विजय शंकर सिंह, महासचिव, हॉकी झारखंड

Read more

Local News