रांचीः सारंडा में आंधी-तूफान में पेड़ गिरने की वजह से शहीद हुए कोबरा के जवान राकेश कुमार को रांची स्थित सीआरपीएफ कैंप में श्रद्धांजलि अर्पित की गई. शहीद के पार्थिव शरीर को आईजी सीआरपीएफ साकेत सिंह, आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज, आईजी जगुआर अनूप बिरथरे और डीआईजी जगुआर इंद्रजीत महता ने अपना कंधा दिया.
आज भी चुनौती है सारंडा
झारखंड का सारंडा सुरक्षा बलों के लिए आज भी बड़ी चुनौती बना हुआ है. एक तरफ जहां नक्सलियों के आईईडी सुरक्षाबलों के लिए परेशानियां खड़ी करती है तो वही कुदरत भी सुरक्षाबलों की परीक्षा लेता रहता है. इस बार आंधी-तूफान की वजह से कोबरा के जवान राकेश कुमार शहीद हो गए. कोबरा 210 बटालियन के शहीद राकेश कुमार को रांची के सीआरपीएफ के 133 कैंप में श्रद्धांजलि दी गई.
सीआरपीएफ कैंप में आईजी सीआरपीएफ साकेत सिंह, झारखंड पुलिस के आईजी अभियान माइकल राज, झारखंड जगुआर के आईजी अनूप बिरथरे, डीआईजी इंद्रजीत महता सहित कई अधिकारियों ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी.
तीन आईजी और डीआईजी ने दिया कंधा
श्रद्धांजलि के बाद जब शहीद जवान का पार्थिव शरीर उनके गृह जिला भेजा जाने लगा तब आईजी सीआरपीएफ, आईजी अभियान, आईजी जगुआर और डीआईजी जगुआर खुद आगे आये और पार्थिव शरीर को कंधा देकर उसे वाहन में रखा.

घटना काफी दुखदः डॉ. माइकल
इस संबंध में आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज ने बताया कि जवान राकेश कुमार ड्यूटी के बाद अपने कैंप में पहुंचे थे, लेकिन देर रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण पेड़ का एक बड़ा टुकड़ा राकेश कुमार के ऊपर गिर गया. जिस कारण उनके सिर पर गंभीर चोट लग गई. इस घटना में राकेश कुमार घायल हो गए, जिसके बाद राकेश को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.


