Thursday, March 26, 2026

रांची के मोरहाबादी मैदान में वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन फेज-I कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

Share

रांची: मोरहाबादी मैदान में आज ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन फेज-I’ का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. यह आयोजन एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, रांची द्वारा एनसीसी निदेशालय बिहार एवं झारखंड के निर्देशन में “शौर्य के कदम, क्रांति की ओर” विषय पर आयोजित किया गया.

धरती आबा वीर बिरसा मुंडा के जीवन और आंदोलन से जुड़े तीन ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करते हुए तीन एनसीसी साइकिल दल मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचा, जहां उनका स्वागत किया गया. कार्यक्रम वीर बिरसा मुंडा की शहादत, संघर्ष और समाज सुधार की चेतना को नमन करते हुए युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया.

Veer Birsa Munda Cyclothon

कार्यक्रम स्थल पर युवाओं और नागरिकों का उत्साह देखने लायक रहा. संबोधन के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा, “दिल्ली की ओर बढ़ने वाले एनसीसी कैडेट झारखंड के गौरव-दूत हैं, जो जहां भी जाएंगे, वहां राज्य की संस्कृति, परंपरा और वीर बिरसा मुंडा की प्रेरणा का संदेश फैलाएंगे.” उन्होंने साइक्लोथॉन को झारखंड की युवा शक्ति, राष्ट्रभावना और सामाजिक चेतना का सशक्त प्रतीक बताते हुए इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण पहल बताया.

Veer Birsa Munda Cyclothon

कार्यक्रम के बाद चयनित एनसीसी कैडेट नई दिल्ली की ओर साइकिल यात्रा पर रवाना हुए. उनके स्वागत और सम्मान में स्थानीय नागरिकों व अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और गर्व का माहौल छा गया.

Read more

Local News