रांची: हर वर्ष बिरसा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा लगाए जाने वाला तीन दिवसीय “एग्रोटेक मेला 2026” अब 14 से 16 मार्च तक बीएयू परिसर में लगेगा. ये मेला किसानों, कृषक महिलाओं एवं युवा उद्यमियों को उन्नत कृषि, पशुपालन, वाणिकी, डेयरी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि यंत्रीकरण, खाद्य प्रसंस्करण, मूल्य संवर्द्धन तथा घरेलू-अन्य कुटीर उद्योगों से संबंधित आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से लगाया जाता है.
राज्य स्तरीय एग्रोटेक किसान मेला 2026 लगने की पूर्व घोषित तिथि 21 से 23 फरवरी के बीच थी. लेकिन रांची नगर निगम चुनाव की तिथि के मद्देनजर मेला को और पहले लगाने का फैसला लिया गया है. इस वर्ष मेला का केंद्रीय विषय वस्तु ‘टिकाऊ कृषि हेतु जलवायु अनुकूल तकनीकी का नवाचार’ रखा गया है. मेला की तिथि में बदलाव का फैसला आज बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुनील चन्द्र दुबे की अध्यक्षता में हुई मेला आयोजन समिति की बैठक के बाद लिया गया.
बीएयू में इस वर्ष लगने वाले एग्रोटेक किसान मेला में लगभग 120 स्टाल लगाए जाएंगे. जिनमें बीएयू के विभिन्न विभागों, संकायों, महाविद्यालयों, इकाईयां, क्षेत्रीय अनुसंधान एवं कृषि विज्ञान केंद्रों के उत्पाद लगाए जाएंगे. इसके अलावा झारखंड में कार्यरत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के शोध संस्थान, कृषि से संबंधित विभाग, बीज, कृषि यंत्र एवं उर्वरकों के निर्माता एवं बिक्रेता, बैंक एवं वित्तीय संस्थान तथा स्वयंसेवी संगठन अपनी तकनीक, सेवाएं एवं उत्पाद प्रदर्शित किया जाएगा.
मेला में फल, फूल, सब्जी, मसालों, सजावटी, औषधीय एवं सगंधीय पौधों से संबंधित उद्यान प्रदर्शनी, पशु-पक्षी प्रदर्शनी, कृषि यंत्र प्रदर्शनी, किसान गोष्ठी, प्रायोगिक प्रक्षेत्रों का परिभ्रमण का भी आयोजन किया जाएगा. तीनों दिन किसानों के लिए कृषि तकनीकों से संबंधित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा. इस राज्यस्तरीय आयोजन में प्रान्त के विभिन्न जिलों के किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे. मेला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति के लिए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और गरिमामयी उपस्थिति के लिए विभागीय सचिव को आमंत्रण दिया गया है.


