रांची: नशे के तस्करों के खिलाफ रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. डीआईजी सह रांची एसएसपी चदंन कुमार सिन्हा को गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर रांची के नामकुम इलाके में कार्रवाई की गई. इस दौरान 103 बोरा अफीम डोडा बरामद किया गया है. डोडा की बाजार कीमत दो करोड़ से अधिक बताई जा रही है.
अफीम तस्करों के खिलाफ रांची पुलिस के द्वारा लगातार बड़ी कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में नामकुम इलाके से अफीम डोडा की एक बड़ी खेप पकड़ी गई है. रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के सिंगरसराय गांव के पीड़ी टोला स्थित पानी टंकी के पास एक घर में भारी मात्रा में अवैध डोडा (पोस्ता फल) डंप करके रखा गया था. सूचना मिलने पर एसएसपी के द्वारा हेडक्वार्टर डीएसपी वन अमर पांडेय के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था.
मिली सूचना पर पुलिस मकान के पास पहुंची, जहां घर में ताला बंद था. जिसके बाद पुलिस की टीम ने गांव के मुखिया से बंद मकान के मालिक की पहचान करवाई और मकान मालिक को स्थानीय मुखिया के सहयोग से घर आकर ताला खोलने का अनुरोध किया गया, लेकिन मकान मालिक नहीं आया. जिसके बाद स्थानीय मुखिया के समक्ष प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के आदेश के आलोक में घर का ताला तोड़कर विधिवत तलाशी ली गई. तलाशी के क्रम में प्लास्टिक के बोरे में कुल 103 बोरा (कुल वजन 1560 किग्रा) में अवैध डोडा बरामद किया गया.
दो करोड़ 34 लाख का डोडा
डीआईजी सह एसएसपी रांची ने बताया की जब्त डोडा का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 2 करोड़ 34 लाख है. पूरे घटनाक्रम के संबंध में नामकुम थाना कांड संख्या 158/25, धारा 15/18 (b) 22 (c)/25/29 NDPS Act के अंतर्गत मकान मालिक सह अभियुक्त नामकुम थाना अंतर्गत सिंगरसराय निवासी जेगे मुंडा पिता स्व लादुरा मुंडा और अन्य संलिप्त आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ किया गया है. प्राथमिकी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. इसके साथ ही इस घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों को भी चिन्हित किया जा रहा है.
![]()


