रांची: झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े आयोजनों की मेजबानी करने जा रही है. जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में क्रिकेट प्रेमियों के लिए ‘डबल बोनांजा’ सामने आया है. बीसीसीआई के आधिकारिक कैलेंडर के जरिए जानकारी दी गई है कि 9 अक्टूबर को वेस्टइंडीज-भारत के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा. जबकि 19 से 23 फरवरी 2027 तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैच का आयोजन भी रांची में ही होगा. JSCA के अधिकारियों ने भी इसकी पुष्टि की है.
क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह
इन दोनों मुकाबलों की घोषणा के बाद पूरे झारखंड, खासकर रांची में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. JSCA स्टेडियम पहले भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मैचों का सफल आयोजन कर चुका है और एक बार फिर यह शहर क्रिकेट के रंग में रंगने को तैयार है.
रांची के लिए गर्व की बात
JSCA के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने इस मौके को रांची के लिए गर्व की बात बताया है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि राज्य की पहचान और प्रतिष्ठा से जुड़ा अवसर है. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इतने बड़े मैचों के सफल आयोजन के लिए सभी स्तरों पर तैयारी को मुकम्मल करना जरूरी होगी, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके.
युवाओं में क्रिकेट के प्रति खास जुनून
रांची को “क्रिकेट का शहर” भी कहा जाता है, क्योंकि यह भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का गृह नगर है. धोनी की वजह से यहां के युवाओं में क्रिकेट के प्रति खास जुनून देखने को मिलता है. शहर के हर गली-मोहल्ले में बच्चे और युवा क्रिकेट खेलते नजर आते हैं, जो इस खेल के प्रति गहरी दीवानगी को दर्शाता है.
रांची के कंधे पर एक बार फिर सफल आयोजन की जिम्मेदारी
जब भी रांची में कोई बड़ा क्रिकेट मैच आयोजित होता है, पूरा शहर एक उत्सव के माहौल में डूब जाता है. होटल, बाजार और स्टेडियम के आसपास की गतिविधियां बढ़ जाती हैं और दूर-दराज से भी लोग मैच देखने पहुंचते हैं. ऐसे में आने वाले ये दोनों मुकाबले न सिर्फ खेल के लिहाज से, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी अहम साबित हो सकते हैं. अब सभी की नजरें इन मुकाबलों की तैयारियों पर टिकी हैं, ताकि रांची एक बार फिर सफल आयोजन के जरिए अपनी पहचान को और मजबूत कर सके.


