झारखंड सरकार रांची और जमशेदपुर में अंतरराज्यीय बस पड़ाव (आइएसबीटी) के निर्माण के लिए आगे बढ़ रही है। दोनों परियोजनाओं की अनुमानित लागत 331 करोड़ रुपये है जिसमें रांची में 181 करोड़ और जमशेदपुर में 150 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरकार पीपीपी मोड हैम मोड और ईपीसी मोड पर निर्माण की संभावनाओं पर विचार कर रही है। निविदा जल्द ही निकाली जाएगी।
रांची और जमशेदपुर में अंतरराज्यीय बस पड़ाव के निर्माण को लेकर राज्य सरकार आगे बढ़ रही है और इसी क्रम में मंगलवार को नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जुडको की ओर से संचालित दोनों परियोजनाओं को लेकर कई जानकारियां साझा की।प्रधान सचिव ने पीपीपी मोड, हैम मोड एवं ईपीसी पर निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की। बताया गया कि दोनों परियोजनाएं कुल 331 करोड़ रुपये की लागत पर तैयार हो जाएंगी। रांची में अंतरराज्यीय बस पड़ाव (आइएसबीटी) के निर्माण की अनुमानित लागत 181 करोड़ रुपये है तो जमशेदपुर में 150 करोड़ रुपये।
टेंडर शीघ्र निकालने का निर्देश
इसके साथ ही रांची में ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन को लेकर निविदा शीघ्र निकालने का निर्देश दिया गया है। प्रधान सचिव सुनील कुमार ने रांची और जमशेदपुर के नागरिकों की सुविधा को देखते हुए आइएसबीटी का निर्माण कराए जाने की बात कही। सचिव ने परामर्शी कंपनी आइडेक द्वारा तैयार डिजाइन का प्रजेंटेशन देखा।