मोहित सूरी की म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा ‘सैयारा’ की दीवानगी लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. यह फिल्म 18 जुलाई को रिलीज हुई और पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर छा गई. वहीं, पहले वीकेंड पर इसने इतिहास रच दिया है. जी हां, इस रोमांटिक फिल्म ने 3 दिनों में दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है. इस तरह ‘सैयारा’ ने भारत में किसी रोमांटिक फिल्म के लिए सबसे बड़े ओपनिंग वीकेंड के साथ इतिहास रच दिया है. अहान पांडे-अनीत पड्डा की फिल्म ने इसके अलावा भी कई उपलब्धियां हासिल की हैं.
निर्देशक मोहित सूरी की ‘सैयारा’ ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. अहान पांडे और अनीत पड्डा की यह डेब्यू फिल्म अब सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक बन गई है.
सोमवार, 21 जुलाई को यशराज फिल्म्स ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर ‘सैयारा’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन रिपोर्ट साझा किया है. यह रिपोर्ट सैयारा के पहले वीकेंड का है. मेकर्स ने ‘सैयारा’ का पोस्टर साझा किया है, जिसमें लिखा है, ‘सैयारा का हिस्टोरिकल ओपनिंग. नवोदित कलाकारों (डेब्यूटेंट) वाली फिल्म के लिए सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड.’
मेकर्स के मुताबिक, ‘सैयारा’ ने अपने पहले वीकेंड में दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 119 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसने भारत में 101.75 करोड़ ग्रॉस (84 करोड़ रुपये नेट) कलेक्शन किया है. जबकि, ओवरसीज पर इसने 17.25 करोड़ रुपये की कमाई की है. इस उपलब्धि के लिए मेकर्स ने सभी का शुक्रिया अदा किया है.
‘सैयारा’ के रिकॉर्ड्स
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ‘सैयारा’ ने तीन दिनों में कई रिकॉर्ड तोड़े हैं. आइए एक नजर डालें इसके रिकॉर्ड्स पर…
- डेब्यू एक्टर की हिंदी फिल्म के लिए अब तक का हाईएस्ट वर्ल्डवाइड ओपनिंग वीकेंड.
- ‘सैयारा’ ने अब भारतीय बॉक्स ऑफिस के इतिहास में सबसे बड़ी रोमांटिक फिल्म ओपनिंग वीकेंड का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
- अपने पहले वीकेंड में दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली पहली रोमांटिंक फिल्म.
- भारत में हाईएस्ट ओपनिंग करने वाली पहली रोमांटिक फिल्म
- निर्देशक मोहित सूरी के लिए करियर की बेस्ट ओपनिंग.
- किसी डेब्यू एक्ट की फिल्म के लिए सबसे अधिक एडवांस टिकट सेल.
- लव स्टोरी स्टाइल में डेब्यू करने वाले प्रोड्यूसर अक्षय विधानी के लिए अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग.
- भारतीय सिनेमा के इतिहास में किसी रोमांटिक फिल्म की सबसे बड़ी वर्ल्डवाइड ओपनिंग.
‘सैयारा’ की तीन दिनों की कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, ‘सैयारा’ ने पहले दिन 21.5 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी. वहीं, दूसरे दिन 20.93 प्रतिशत की उछाल के साथ फिल्म ने 26 करोड़ रुपये की कमाई की थी. पॉजिटिव माउथ पब्लिसिटी के कारण रविवार को भारी संख्या में दर्शक फिल्म देखने के लिए सिनेमाघरों में पहुंचे, जिसका फायदा फिल्म को मिला. सैकनिल्क रिपोर्ट के मुताबिक, ‘सैयारा’ ने पहले वीकेंड पर 35.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की. इस तरह फिल्म ने भारत में तीन दिनों में 83.25 करोड़ रुपये की कमाई करने में सफल रही.
‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 4
‘सैयारा’ को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुए आज 4 दिन हो गए हैं. तीन दिनों की शानदार परफॉर्मेंस के बाद फिल्म की असली परीक्षा आज यानी पहले सोमवार को होगी. शुरुआती आंकड़े ने यह साफ कर दिया है कि फिल्म फर्स्ट मंडे टेस्ट में पास हो गई है, क्योंकि 21 जुलाई शाम 6 बजे तक सैयारा की कमाई डबल डिजिट में पहुंच गई है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म दर्शकों को अपनी ओर खींचने में कामयाब हो रही है.
- https://www.youtube.com/embed/9r-tT5IN0vg?si=9WBBhmlAWLKV0ooU
सैकनिल्क रिपोर्ट के मुताबिक, ‘सैयारा’ ने 21 जुलाई शाम 7 बजे तक 12.01 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की. इसी के साथ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ‘सैयारा’ का कुल कलेक्शन 95.26 करोड़ रुपये हो गया है. इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म रिलीज के चौथे दिन 14 से 16 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है. अगर रात के शो में इसकी संख्या में बढ़ोतरी होती है, तो यह आंकड़ा बढ़ सकता है.


