Wednesday, March 18, 2026

मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत सर्वेक्षित परिवारों का सत्यापन 15 जनवरी तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

Share

मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत सर्वेक्षित परिवारों का सत्यापन 15 जनवरी तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। अनियमितताओं और अयोग्य परिवारों के नाम सूची में शामिल होने की आशंका के चलते यह सत्यापन हो रहा है। डीडीसी ने बीडीओ को कार्य में तेजी लाने को कहा है, क्योंकि अभी तक केवल 50% कार्य ही पूरा हुआ है। 50 हजार से अधिक अपात्र परिवारों के नाम कट सकते हैं

मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत जिले के सभी प्रखंडों में सर्वेक्षित परिवारों का सत्यापन किया जा रहा है। इससे पता लगेगा कि सर्वे के दौरान अनियमितता तो नहीं बरती गई है और अयोग्य परिवारों का नाम भी तो नहीं सूची में शामिल किया गया है। इसे लेकर सत्यापन का कार्य प्रखंड स्तर पर कराया जा रहा है।

ग्रामीण विकास विभाग ने इसके लिए डेडलाइन तय की है। 15 जनवरी तक हर हाल में शत-प्रतिशत परिवारों का सत्यापन कर रिपोर्ट भेजने को कहा है। इसपर डीडीसी ने सभी बीडीओ को कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय में इसे पूरा करने को कहा है।

विदित हो कि जिले में अभी द्वितीय स्तर का सत्यापन किया जा रहा है। प्रथम स्तर से सर्वेयर के माध्यम से सत्यापन कर रिपोर्ट दी गई थी। अब प्रखंड स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है। तृतीय स्तर पर जिला मुख्यालय के पदाधिकारियों द्वारा सत्यापन कार्य किया जाएगा।

डीडीसी ने सभी बीडीओ से कहा कि आवास साफ्ट पोर्टल पर प्रदर्शित आंकड़े से पता लग रहा है कि सत्यापन का कार्य असंतोषजनक है। अभी तक करीब 50 प्रतिशत ही कार्य पूरा हो सका है। इसका नियमित रूप से अनुश्रवण व पर्यवेक्षण करते हुए 15 जनवरी तक कार्य पूर्ण कराने को कहा है।

कट सकते हैं 50 हजार से अधिक परिवारों के नाम:

बताया गया कि इस बार सेल्फ सर्वे का भी विकल्प दिया गया था। करीब 65 हजार परिवारों ने सेल्फ सर्वे किया था। इसका भी सत्यापन किया जा रहा है।

संभावना जताई जा रही है कि इसमें से करीब 50 हजार परिवारों का नाम कट सकता है, क्योंकि पक्के मकान वालों ने भी सर्वे में अपना नाम शामिल करा दिया था। सत्यापन के क्रम में इसका पता चला है। शत-प्रतिशत कार्य पूरा होने के बाद रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी।

चार लाख से अधिक परिवारों का सूची में जुड़ा था नाम:

पीएम ग्रामीण आवास योजना में इस बार हुए सर्वे में चार लाख 43 हजार 519 परिवारों का नाम जुड़ा था। इसमें सबसे अधिक पारू में 44 हजार 958 व सबसे कम मुरौल में 7653 परिवारों के नाम जुड़े थे।

सत्यापन का कार्य पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी। वहां से जिले को लक्ष्य आवंटित किया जाएगा।

Read more

Local News