मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) सिविल सेवा परीक्षा में अधिकतम आयु सीमा की गणना 1 अगस्त 2022 से होगी। यह निर्णय उन अभ्यर्थियों को लाभ देगा जो अधिक आयु के कारण वंचित हो रहे थे। पहले यह गणना 1 अगस्त 2026 से होनी थी। इस बदलाव से आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ सकती है। सदन में विधायकों ने इस निर्णय का स्वागत किया।
रांची। झारखंड लोक सेवा आयाेग की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे उन अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है, जो अधिक आयु होने के कारण इस परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित हो रहे थे।
अब इस परीक्षा में अधिकतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2022 से की जाएगी। सीएम हेमंत सोरेन ने शनिवार को भोजनावकाश से ठीक पहले इसकी जानकारी सदन में दी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने आयु सीमा में आयु सीमा का कट आफ ईयर वर्ष 2026 की जगह 2022 करने का निर्णय किया है।
इस घोषणा पर सदन में मौजूद विधायकों ने मेज थपथपा कर सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया। इससे पहले सदन में अधिकतम आयु सीमा में छूट देने की मांग की जा रही थी।
सत्ता पक्ष एवं विपक्ष दोनों के कई विधायकों का कहना था कि चूंकि पिछली परीक्षा में आयु सीमा में छूट देते हुए अधिकतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2017 से की गई थी।
हालांकि विधायक अधिकतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2018 से करने की मांग कर रहे थे।
बताते चलें कि आयोग द्वारा जारी विज्ञापन में इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए अधिकतम एवं न्यूनतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2026 से किए जाने का प्रविधान किया गया है।
एक बार फिर बढ़ सकती है आवेदन की अंतिम तिथि
अधिकतम आयु सीमा की गणना में छूट देने से एक बार फिर इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ सकती है।
संशोधित कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन आवेदन की तिथि 20 फरवरी तथा परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 21 फरवरी शाम पांच बजे तक बढ़ाई गई थी।
इस तरह, ऑनलाइन आवेदन की तिथि समाप्त हो चुकी थी। इससे पहले आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 14 फरवरी निर्धारित थी।


